

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़ संगीतराई: शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत संगीतराई के डीपापारा में धार्मिक और पारंपरिक उल्लास के साथ भव्य ‘बाना महोत्सव’ का आयोजन किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता रघुवीर सिदार एवं ग्रामीणों के सहयोग से श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।
नवरात्रि के दौरान आयोजित इस पारंपरिक बाना महोत्सव में पूरे क्षेत्र का माहौल देवीमय हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इसके पश्चात परंपरागत गाजे-बाजे और जसगीत (सेवागीत) की गूंज के बीच बाना धारण करने का क्रम प्रारंभ हुआ। बैगा-गुनियों और सेवादारों ने मातारानी की भक्ति में लीन होकर पारंपरिक बाना धारण किया, जिसे देखने के लिए डीपापारा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
आयोजक रघुवीर सिदार ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति और धार्मिक मान्यताओं में बाना महोत्सव का विशेष महत्व है। यह न केवल हमारी आस्था का प्रतीक है, बल्कि ग्रामीण संस्कृति, एकता और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी ग्रामवासियों, बुजुर्गों और युवाओं का आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों और मंडलियों द्वारा प्रस्तुत देवी जसगीत पर देर रात तक श्रद्धालु झूमते रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया और गांव की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर पंचायत के प्रमुख नागरिक, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




