
शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालक पकड़ाए, धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिलेभर में यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान जारी
23 नवंबर, रायगढ़ । सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने गत दिनों आयोजित क्राइम मीटिंग में जिले में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते आंकड़ों पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने विशेष रूप से तेज गति से वाहन चलाने वालों और शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्ती बरतने के साथ ही यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को नियमों के प्रति जागरूक करने कहा था।
इसी क्रम में दिनांक 22 नवंबर को रायगढ़ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तेज गति से वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाने, मालवाहक वाहनों में यात्री परिवहन, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने सहित मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 631 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 4 लाख रुपये का चालान किया गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए 6 वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इस अभियान में सर्वाधिक कार्रवाई यातायात पुलिस रायगढ़ द्वारा 165 वाहन चालकों पर की गई। इसके अतिरिक्त थाना तमनार में 101, धरमजयगढ़ में 74, छाल में 33, लैलूंगा में 31, भूपदेवपुर में 27, सिटी कोतवाली में 26, कापू में 23, कोतरारोड़ में 22, जूटमिल में 25, खरसिया में 23, घरघोड़ा में 20, पुसौर में 19, चक्रधरनगर में 14, तथा पूंजीपथरा में 8 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
रायगढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करें, वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और शराब पीकर कभी भी वाहन न चलाएं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”*




