ब्रेकिंग

झिंकाबाहल में अनियंत्रित टेलर घर में घुसा, बड़ी दुर्घटना टली — ग्रामीणों में आक्रोश, मुआवजे की मांग को लेकर चक्का जाम जारी

 

लक्ष्य न्यूज, अशोक सारथी धौंराभांठा:- जिले के तमनार ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत झिंकाबाहल में बीती 2 दिसम्बर की रात लगभग 1 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मेन रोड किनारे बने मकान में एक अनियंत्रित टेलर वाहन (CG-15 AC 0828) घुस गया, जिससे घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सौभाग्य से घर में सोए परिवार की जान बाल-बाल बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक घटना झिंकाबाहल निवासी समारू राम ओगरे के घर में हुई। समारू राम ने बताया कि रात 1 बजे अचानक तेज़ धमाके की आवाज़ आई और देखते ही देखते टेलर वाहन दीवार तोड़ते हुए उनके खाट के ठीक किनारे तक पहुंच गया। हादसे के दौरान घर की दीवारों का मलबा दंपत्ति के ऊपर गिरा, जिससे वे बुरी तरह दहशत में आ गए।

WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.22
WhatsApp Image 2026-02-06 at 12.06.32
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21 (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.22 (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21 (2)

दुर्घटना कारित वाहन KMAG इंटरनेशनल, बिलासपुर (अर्पित अग्रवाल) के अधीन संचालित बताया जा रहा है, जबकि टेलर मालिक स्थानीय बताया गया है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय लोग आहत परिवार के समर्थन में सड़क पर उतर आए हैं और उचित मुआवजे की मांग को लेकर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मेन रोड किनारे बसे घरों के लिए लगातार बढ़ती वाहन गति जानलेवा साबित हो रही है।

टेलर मालिक संघ तमनार के अध्यक्ष दयानंद पटनायक ने भी घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा,

“यहां आम जनता अत्यंत समस्या में है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। रोड किनारे रहने वाले लोग रात भर डर के माहौल में जी रहे हैं। वाहन चालकों द्वारा स्पीड कंट्रोल जरूरी है और स्थानीय कंपनियों को भी इस मुद्दे पर गंभीरता से संज्ञान लेकर जनहित में ठोस कदम उठाने चाहिए।”

ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन जारी है और प्रशासन से शीघ्र न्यायपूर्ण कार्रवाई के साथ उचित मुआवजे की मांग की जा रही है।