ब्रेकिंग

पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम जनता पर आर्थिक हमला :  प्रवक्ता जिला कांग्रेस रिंकी पाण्डेय 

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर हुई बढ़ोतरी को लेकर प्रवक्ता जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ एवं मंडल अध्यक्ष रिंकी पाण्डेय ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बेलगाम होती जा रही है और सरकार सिर्फ तमाशबीन बनी हुई है।

रिंकी पाण्डेय ने कहा कि पेट्रोल में 3.14 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3.11 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी जनता पर सीधा आर्थिक हमला है। पहले ही महंगाई से परेशान लोगों के लिए अब घर चलाना और मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जब रोजगार नहीं बढ़ रहे, वेतन नहीं बढ़ रहा और आमदनी सीमित है, तब सरकार लगातार कीमतें बढ़ाकर जनता को आर्थिक संकट में धकेल रही है।

उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमत बढ़ने का असर हर क्षेत्र में दिखाई देता है। माल भाड़ा बढ़ने से खाद्य सामग्री, फल-सब्जियां, दवाइयां, स्कूल फीस, परिवहन और दैनिक जरूरत की वस्तुएं महंगी हो जाती हैं। इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। रिंकी पाण्डेय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता की गाढ़ी कमाई को टैक्स और बढ़ती कीमतों के जरिए लूटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को आम आदमी की समस्याओं से कोई मतलब नहीं रह गया है। देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है, लेकिन सरकार सिर्फ बड़े-बड़े दावे करने में व्यस्त है।

उन्होंने कहा, “जब कमाई नहीं बढ़ रही, तब हर दिन बढ़ते दाम जनता के साथ अन्याय नहीं बल्कि आर्थिक अत्याचार हैं। आखिर जनता को राहत कब मिलेगी?”

रिंकी पाण्डेय ने मांग की कि पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लिए जाएं तथा महंगाई नियंत्रित करने के लिए सरकार ठोस नीति बनाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।