ब्रेकिंग

बिजली बिल बढ़ोतरी पर भड़कीं रिंकी पाण्डेय, बोलीं- भाजपा सरकार जनता की जेब पर डाल रही है डाका

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। प्रदेश में बिजली बिल बढ़ोतरी के फैसले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता एवं मंडल अध्यक्ष रिंकी पाण्डेय ने भाजपा की विष्णु देव साय सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम कर रही है। बिजली दरों में की गई वृद्धि ऐसे समय में की गई है, जब आम नागरिक पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती जीवन-यापन लागत से परेशान है।

रिंकी पाण्डेय ने जारी बयान में कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता से अनेक वादे किए थे और खुद को जनहितैषी सरकार बताया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार की प्राथमिकताएं पूरी तरह बदल गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं को दूर करने के बजाय बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सेवाओं के माध्यम से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बना रही है।

उन्होंने कहा कि बिजली केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि आज के समय में प्रत्येक परिवार की बुनियादी आवश्यकता है। ऐसे में बिजली दरों में वृद्धि का सीधा असर गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार और लघु उद्योगों पर पड़ेगा। पहले से बढ़ती महंगाई के कारण घरेलू बजट बिगड़ चुका है और अब बिजली बिल बढ़ने से आम परिवारों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।

रिंकी पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश के किसान खेती-किसानी में बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं। खाद, बीज, डीजल और कृषि उपकरणों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में बिजली दरों में बढ़ोतरी किसानों की कमर तोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के दावे तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर लिए जा रहे फैसले किसानों को आर्थिक संकट की ओर धकेल रहे हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास और सुशासन के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन वास्तविकता यह है कि आम जनता को किसी प्रकार की राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को सबसे पहले महंगाई नियंत्रित करने और लोगों को राहत देने के उपाय करने चाहिए थे, लेकिन इसके विपरीत जनता पर नए आर्थिक बोझ लादे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगार युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, मजदूर वर्ग रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहा है और मध्यम वर्ग लगातार बढ़ते खर्चों से परेशान है। ऐसे समय में बिजली बिल बढ़ाने का निर्णय पूरी तरह जनविरोधी और असंवेदनशील है। इससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार को आम लोगों की समस्याओं और उनकी आर्थिक स्थिति की कोई चिंता नहीं है।

रिंकी पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस फैसले का हर स्तर पर विरोध करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस नहीं लेती है तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। गांव-गांव और शहर-शहर लोगों को इस मुद्दे पर जागरूक किया जाएगा तथा लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से निराश है और अब लोगों को यह महसूस होने लगा है कि चुनाव के समय किए गए वादे केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम थे। जनता को राहत देने के बजाय लगातार महंगाई और शुल्क वृद्धि का बोझ डालना सरकार की विफल नीतियों का प्रमाण है।

अंत में रिंकी पाण्डेय ने मांग की कि प्रदेश सरकार तत्काल बिजली बिल बढ़ोतरी के फैसले को वापस ले, घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को राहत प्रदान करे तथा जनता के हित में ठोस और प्रभावी कदम उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के अधिकारों और हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी हर जनविरोधी निर्णय का मजबूती से विरोध करती रहेगी।