ब्रेकिंग

सशक्त संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत, प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को मिलेगी नई ऊर्जा : शाखा यादव

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “संगठन सृजन अभियान” के अंतर्गत रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक अधिक मजबूत, सक्रिय एवं जनसरोकारों के प्रति उत्तरदायी बनाना है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि कांग्रेस का सबसे बड़ा बल उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। एक जागरूक, प्रशिक्षित और विचारवान कार्यकर्ता ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है। संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की विचारधारा, लोकतांत्रिक,व संवैधानिक मूल्यों, संगठनात्मक कार्यप्रणाली, जनसंपर्क, सोशल मीडिया की भूमिका, जन आंदोलनों तथा जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की परिस्थितियों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। ऐसे समय में संगठनात्मक मजबूती, अनुशासन और वैचारिक स्पष्टता ही कांग्रेस को जन-जन तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के संकल्प को नई दिशा देगा।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए मनीष देवांगन एवं विनोद महेश को प्रशिक्षण प्रभारी तथा कन्हैया पटेल एवं दीपक सिंह को मास्टर ट्रेनर नियुक्त किया गया है। ये सभी पदाधिकारी प्रशिक्षण की संपूर्ण रूपरेखा तैयार कर कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक एवं वैचारिक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।