
लक्ष्य न्यूज़। शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर ड्राइविंग प्रशिक्षण देना एक ड्राइविंग स्कूल को महंगा पड़ गया। यातायात व्यवस्था बाधित करने पर आनंद मोटर ड्राइविंग स्कूल पर ट्रैफिक पुलिस ने ₹2,000 का जुर्माना लगाया है।

जानकारी के अनुसार, ड्राइविंग स्कूल द्वारा प्रशिक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन चौक, सुभाष चौक, घड़ी चौक, अटल चौक और हेमू कॉलोनी चौक जैसे अत्यधिक व्यस्त स्थानों पर वाहन चलाने का अभ्यास कराया जा रहा था। इन स्थानों पर पहले से ही वाहनों का भारी दबाव रहता है, ऐसे में नए चालकों को प्रशिक्षण दिए जाने से कई बार जाम की स्थिति बनती है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जिला परिवहन अधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की और स्पष्ट संदेश दिया कि ड्राइविंग प्रशिक्षण खुले एवं कम यातायात वाले क्षेत्रों में ही कराया जाए, न कि ऐसे स्थानों पर जहां आम जनता की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो।

समस्त मोटर ड्राइविंग स्कूल संचालक, यदि भविष्य में भी किसी ड्राइविंग स्कूल द्वारा भीड़भाड़ वाले चौकों पर प्रशिक्षण देकर यातायात बाधित किया गया, तो केवल जुर्माना ही नहीं बल्कि नियमानुसार और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
ट्रैफिक पुलिस की अपील:
रेलवे स्टेशन चौक, सुभाष चौक, घड़ी चौक, अटल चौक, हेमू कॉलोनी चौक सहित अन्य व्यस्त मार्गों पर ड्राइविंग प्रशिक्षण न दें। सुरक्षित और कम ट्रैफिक वाले स्थानों का चयन करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम नागरिकों को असुविधा न हो।


