ब्रेकिंग

तिमाही परीक्षा के प्रश्नपत्र में गड़बड़ी, एक ही प्रश्न तीन बार पूछे जाने से मचा हड़कंप

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बड़ी खबर सामने आई है. यहां के कक्षा 6वीं की तिमाही परीक्षा में हिंदी के प्रश्नपत्र में बड़ी गड़बड़ी पाई गई है. यहां, हिंदी के पेपर में एक ही सवाल तीन बार दोहरा दिया गया. प्रश्न क्रमांक 9, 16 और 19 में सवाल हूबहू एक जैसा पूछा गया – मेजर ध्यानचंद की सफलता का क्या रहस्य था?परीक्षा के दौरान यह गड़बड़ी सामने आने के बाद अभिभावकों और शिक्षाविदों में नाराजगी है.

अभिभावकों ने जाहिर की नाराजगी

परीक्षा के दौरान यह गड़बड़ी सामने आने के बाद अभिभावकों और शिक्षाविदों में नाराजगी है. सवाल उठ रहा है कि प्रश्नपत्र तैयार करने में किस तरह की लापरवाही बरती गई. एक ही सवाल को तीन बार पूछे जाने से न सिर्फ प्रश्नपत्र की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि परीक्षा की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ रहा है. अभिभावकों का कहना है कि इस तरह की चूक से बच्चों के मूल्यांकन पर असर पड़ेगा. शिक्षाविदों ने भी इस लापरवाही पर आपत्ति जताई है.

परीक्षा के पहले दिन ही सामने आई इस गड़बड़ी ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं विभाग की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. इस लापरवाही और गड़बड़ी से अधिकारियों की योग्यता और जागरूकता पर भी सवाल उठने लगे हैं.