

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के कोयलार में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्री बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी म गई। दुर्घटना में बस चालक समेत कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार, यात्री बस रोजाना की तरह धरमजयगढ़ से करीब 40 से 50 यात्रियों को लेकर खरसिया की ओर जा रही थी। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बस जैसे ही कोयलार के पास पहुंची, उसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर अचानक हुई, जिसके बाद बस में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हादसे में बस चालक समेत कई यात्रियों को चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकालने में मदद की और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं दुर्घटना में यात्री बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोयलार के आसपास सड़क पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। गुरुवार सुबह हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने तथा पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे में घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी पुलिस और अस्पताल से मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


