ब्रेकिंग

वोट चोरी’ के आरोपों पर कांग्रेस का हल्लाबोल विरोध मार्च,कलेक्ट्रेट घेराव, मोदी,शाह,ज्ञानेश का पुतला फूंका और राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन 

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के जारी निर्देशानुसार एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश में सोमवार, 28 सितंबर को रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव एवं ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी के संयुक्त नेतृत्व में दोपहर 12 बजे सिंदूर पार्क, इतवारी बाजार में कांग्रेसजन एकत्रित हुए और वहां से विरोध मार्च प्रारंभ किया गया और मार्च आगे बढ़ते शहीद चौक पहुँच कर पराक्रम और देशभक्ति की अद्वितीय प्रतीक, शहीद-ए-आजम भगतसिंह जी की आज 28 सितंबर जयंती अवसर को स्मरण करते हुए भगतसिंह जी की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर नमन किया गया ।

विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,गृह मंत्री अमित शाह और भारत सरकार के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद”, “ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो” “वोट चोर, गद्दी छोड़” सहित जोरदार नारेबाजी करते हुए कथित लोकतंत्र के तीनों हत्यारे के मुखौटे पर जूता मारते हुए विरोध मार्च रैली कलेक्ट्रेट की ओर आगे बढ़े जिसे जिला प्रशासन द्वारा रोकने के लिए पंजरी प्लांट के सामने बैरिकेड्स लगाया गया था जिसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तोड़कर कलेक्ट्रेट की ओर आगे बढ़ गये। विरोध प्रदर्शन के दौरान नरेंद्र मोदी,अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि “चुनाव लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और मतदाता सूची उसकी बुनियाद है। यदि मतदाता सूची में नाम जोड़ने-काटने और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर “वोट चोरी” के आरोप सामने आ रहे है और इसे लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, तो देश की जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा हो रहा है। ऐसे स्थिति में कांग्रेस किसी भी कीमत पर मतदाता के अधिकार से साजिश को स्वीकार नहीं करेगी। हम मांग करते हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच हो और दोष सिद्ध होने पर लोकतंत्र के हत्यारों के विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।”

जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने कहा कि “आज कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर इसलिए उतरे हैं क्योंकि सवाल किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, देश के लोकतंत्र और करोड़ों मतदाताओं के अधिकार का है। चुनाव आयोग जैसी विश्वसनीय संवैधानिक संस्था पर गंभीर आरोप सामने आए हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जनता को यह जानने का अधिकार है कि उसकी मतदाता सूची में किसके इशारे पर कौन बदलाव करके देश के साथ धोखा कर, देशद्रोही का काम कर रहा है? और किस प्रक्रिया के तहत कर रहा है? जब तक इन सवालों का निष्पक्ष जांच नहीं होता और संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, कांग्रेस का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।”

कांग्रेस अध्यक्ष द्वय ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में बदलाव तथा SIR प्रक्रिया को लेकर सामने आए आरोपों ने चुनावी व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। निर्वाचन आयोग के भीतर निर्णयों को लेकर 10 महीने में दर्ज बताई जा रही 14 बार की औपचारिक आपत्तियों ने इन सवालों को और गंभीर बना दिया है। कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष जांच और व्यापक समीक्षा होनी चाहिए, ताकि देश के मतदाताओं के सामने वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।

प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेसजनों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित शिकायतों की स्वतंत्र जांच कराने, उनके कार्यकाल में मतदाता सूची एवं चुनाव प्रक्रिया से जुड़े निर्णयों की व्यापक जांच व समीक्षा करने,उन्हें तत्काल पद से हटाने तथा जांच में आरोप प्रमाणित होने पर गिरफ्तार कर विधि सम्मत कठोर,दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई।

कांग्रेस अध्यक्ष द्वय ने कहा कि “वोट जनता का है और वोट की सुरक्षा की जिम्मेदारी लोकतांत्रिक संस्था चुनाव आयोग की है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता सिर्फ कागज पर हुई गड़बड़ी नहीं, यह करोड़ों नागरिकों के मताधिकार से जुड़ा प्रश्न है। इसलिए हर शिकायत की निष्पक्ष जांच होना और दोष सिद्ध होने पर हर जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई होना जरूरी है।”

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के राजनीतिक विरोध तक सीमित नहीं है। यह मतदाता के अधिकार, चुनावी पारदर्शिता और लोकतंत्र में जनता के विश्वास की रक्षा का संघर्ष है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी, सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, महिला कांग्रेस, इंटक कांग्रेस,सेवादल,

पिछड़ावर्ग प्रकोष्ठ,अजाक प्रकोष्ठ, व विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता,सहित हजारों की संख्या में कांग्रेसजन एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और आक्रोश देखने को मिला।