
वन एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों ने मिलकर की साफ-सफाई
लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़ खरसिया । प्लास्टिक मुक्त वन क्षेत्र अभियान के अंतर्गत 10 अक्टूबर 2026 को ग्राम छोटे पंडरमूडा स्थित प्रसिद्ध पर्यटक स्थल राम झरना में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान पर्यटक स्थल परिसर में साफ-सफाई कर वन एवं पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वन प्रबंधन से जुड़ी समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने पर्यटक स्थलों को प्लास्टिक मुक्त रखने तथा प्राकृतिक वातावरण की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने की दिशा में सामूहिक प्रयास किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत पंडरमूडा के सरपंच श्री सियाराम राठिया, जैव विविधता प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री रामायण सिंह राठिया, लघु वनोपज सहकारी समिति फरकानारा के अध्यक्ष श्री अमर सिंह राठिया, वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री धनीराम राठिया, पंस जोबी सहित अन्य समिति सदस्य उपस्थित रहे।
इस स्वच्छता अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और पर्यटन स्थलों पर प्लास्टिक कचरा नहीं फैलाने का संदेश दिया गया। ऐसे सामूहिक प्रयासों से वन क्षेत्रों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ प्रकृति और जैव विविधता के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।




