
पुसौर — शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय पुसौर द्वारा मां दुर्गा की चैतन्य झांकी का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह झांकी दिनांक 16 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक चल रही है,। नगरवासियों में इसे लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है
इस चैतन्य झांकी में ब्रह्माकुमारी बहनें स्वयं जीवंत देवियों के रूप में विराजमान हैं। राजयोगिनी, तपस्विनी ब्रह्माकुमारी लेखिका बहन दुर्गा बनीं अर्थात दुर्गुणों का नाश करने वाली, रोशनी बहन लक्ष्मी अर्थात धन-धान्य से परिपूर्ण करने वाली, रागिनी बहन सरस्वती अर्थात विद्या देने वाली और ज्ञान गंगा अर्थात ज्ञानामृत का वरदान देने वाली के रूप में भक्तों को दर्शन दे रही हैं।
विशेष बात यह है कि जब ब्रह्माकुमारी बहनें देवी रूप में सज-धज कर बैठती हैं तो यह निर्णय करना मुश्किल हो जाता है कि ये सजीव हैं या जड़ मूर्तियां। इनके सम्मुख बैठने मात्र से मानसिक शांति, गहरी आत्मीयता और अलौकिकता की अनुभूति होती है। दर्शन करने आए श्रद्धालुओं का कहना है कि इस चैतन्य झांकी में एक अलग ही दिव्य शक्ति का अनुभव होता है।
संस्था प्रमुख राजयोग शिक्षिका जेमा बहन ने बताया कि वर्तमान समय में जब चारों ओर अनाचार, पापाचार और भ्रष्टाचार का बोलबाला है, तब यह झांकी एक गूढ़ संदेश दे रही है। यदि हम सभी अपने आसपास के लोगों में देवी-देवताओं का स्वरूप देखें, उनमें अच्छाई देखें तो समाज में फैली नकारात्मकता को रोका जा सकता है। ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा प्रस्तुत यह झांकी इसी सकारात्मक दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचा रही है।
इसके साथ ही संस्था प्रमुख जेमा बहन एवं सीता बहन द्वारा नगरवासियों को तनाव मुक्त एवं खुशनुमा जीवन जीने के लिए निःशुल्क सात दिवसीय राजयोग मेडिटेशन कोर्स के लिए स्थानीय सेवा केंद्र गायत्री मंदिर के पास पुसौर में आमंत्रित किया गया है।




