ब्रेकिंग

नेतनगर में नवमी पर गूंजे मां दुर्गा के जयकारे, लल्लू सिंह के आयोजन में हुआ भव्य चंडी पाठ

 

लक्ष्य न्यूज़ पुसौर / शशि भूषण गुप्ता नगर पंचायत पुसौर अंतर्गत ग्राम नेतनगर में शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी चंडी पाठ का विशेष एवं भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन के आयोजक क्षेत्र के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता एवं किसान नेता श्री लल्लू सिंह रहे।

कार्यक्रम का आयोजन पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ किया गया। सुबह से ही ग्राम नेतनगर स्थित आयोजन स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना शुरू हुई। पंडितों द्वारा दुर्गा सप्तशती के चंडी पाठ का सस्वर पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे परिसर में माता के जयकारों और शंखनाद से भक्तिमय वातावरण बना रहा

20-25 गांवों से जुटे लोग, प्रसाद और सम्मान

इस अवसर की सबसे खास बात यह रही कि श्री लल्लू सिंह ने केवल अपने ग्राम नेतनगर ही नहीं, बल्कि नगर पंचायत पुसौर एवं आसपास के 20 से 25 गांवों के अपने परिचितों, शुभचिंतकों, किसानों और सहयोगियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया।

श्री सिंह ने सभी आमंत्रित अतिथियों को नेतनगर बुलाकर उन्हें श्रद्धापूर्वक प्रसाद खिलाया और पुष्पमाला एवं श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। उन्होंने सभी का हालचाल जाना और क्षेत्र की समस्याओं, खेती-किसानी और सामाजिक मुद्दों पर आत्मीय चर्चा भी की।

श्री लल्लू सिंह ने कहा कि नवरात्रि केवल व्रत-उपवास का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का भी अवसर है। इसलिए हर वर्ष नवमी पर वे अपने सभी करीबी लोगों को एक जगह बुलाकर माता के आशीर्वाद से जोड़ने का प्रयास करते हैं।

हर वर्ष होती है परंपरा

ग्रामीणों ने बताया कि यह आयोजन कोई नया नहीं है। श्री लल्लू सिंह द्वारा पिछले कई वर्षों से लगातार हर नवमी पर इसी तरह चंडी पाठ का आयोजन किया जाता है। हर साल इस आयोजन का स्वरूप और भी बड़ा और भव्य होता जा रहा है। इस वर्ष भी आयोजन बहुत ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और किसान शामिल हुए। सभी ने माँ दुर्गा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और खुशहाली की कामना की। अंत में भंडारे के रूप में महाप्रसाद का वितरण किया गया।

उपस्थित लोगों ने  लल्लू सिंह के इस सामाजिक और धार्मिक प्रयास की सराहना की। लोगों का कहना है कि एक किसान नेता और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में श्री सिंह ने हमेशा समाज को जोड़ने का काम किया है। उनका यह चंडी पाठ का आयोजन भी उसी का प्रतीक है।

इस अवसर पर ग्राम नेतनगर सहित पुसौर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।