ब्रेकिंग

पुसौर में 50 साल की दुर्गा पूजा का ऐतिहासिक जश्न, स्वर्ण जयंती और दशहरा महोत्सव में उमड़ा 10 हजार से अधिक लोगों का जनसैलाब

 

लक्ष्य न्यूज़ पुसौर शशि भूषण गुप्ता- नगर पंचायत पुसौर में इस वर्ष नवरात्रि से दशहरा तक चला उत्सव केवल त्योहार नहीं, बल्कि आधी सदी का इतिहास बन गया। दुर्गा पूजा के 50 वर्ष पूरे होने पर मनाया गया स्वर्ण जयंती महोत्सव और 50वां ऐतिहासिक दशहरा महोत्सव दोनों एक साथ संपन्न हुए। इस महापर्व में गरबा नाइट, महाभंडारा, ओडिशा के ओपेरा नाटक, रावण दहन और माता रानी के भव्य विसर्जन जुलूस ने पूरे अंचल को भक्तिमय कर दिया। दोनों आयोजनों में 10 हजार से अधिक लोगों की भीड़ ने 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

1975 से 2026 – आधी सदी की अविरल परंपर

स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार पुसौर में दुर्गा पूजा और दशहरा मनाने की परंपरा 1975 में कुछ युवाओं द्वारा शुरू की गई थी। तब एक छोटे से पंडाल और 10 फीट के रावण के पुतले से इसकी शुरुआत हुई थी। आज 50 साल बाद वही छोटा आयोजन पूरे पुसौर अंचल का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन बन गया है। इसी कारण इस वर्ष के आयोजन को दुर्गा पूजा स्वर्ण जयंती और दशहरा स्वर्ण जयंती के रूप में मनाया गया। पूरे नगर को आकर्षक विद्युत झालरों और रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया था।

तीन पीढ़ियों का संगम बना ताकत

इस ऐतिहासिक आयोजन की सबसे बड़ी ताकत रहा तीन पीढ़ियों का संगम। आयोजन को सफल बनाने के लिए वरिष्ठ जनों के मार्गदर्शन और अगुवाई में कार्यक्रम की रूपरेखा तय हुई, युवाओं ने दिन-रात मेहनत कर उसे धरातल पर उतारा और महिलाओं ने अपनी अलग जिम्मेदारी बखूबी निभाई। महिलाओं द्वारा मां भगवती के स्तुति गीत के साथ की गई गरबा प्रस्तुति ने पूरे आयोजन में चार चांद लगा दिए। पूजा की शुरुआत भव्य कलश शोभा यात्रा से हुई और प्रतिदिन षोडशोपचार पूजा और महाआरती का आयोजन किया गया।

दुर्गा पूजा के तीन बड़े आकर्षण

1. गरबा नाइट में झूमे युवा -* महोत्सव का पहला आकर्षण गरबा नाइट रहा। पारंपरिक और आधुनिक धुनों पर युवाओं और महिलाओं ने देर रात तक डांडिया-गरबा किया। यह दृश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भक्ति और युवा ऊर्जा का प्रतीक था।

2. महाभंडारा बना समरसता की मिसाल – दूसरा आकर्षण था विशाल महाभंडारा। पुसौर में महाप्रसाद वितरण का प्रचलन एक-दो वर्षों से ही नवकन्या भोजन के रूप में शुरू हुआ है। इसी कड़ी में आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सबसे सुखद दृश्य यह रहा कि यहां ऊंच-नीच और आपसी भेदभाव मिटाकर सभी श्रद्धालु एक साथ एक ही लाइन में लगकर भोजन प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। इसका विधिवत शुभारंभ कर्मचारी पेंशनर संघ के प्रमुखों ने पूजा-अर्चना कर किया।

*3. ओडिशा के ओपेरा ने बांधा समां -* तीसरा आकर्षण था ओडिशा से आई नाट्य मंडली का ओपेरा नाटक। देर रात तक चलने वाला यह ओपेरा पुसौर ही नहीं, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

50वां ऐतिहासिक दशहरा – 10 हजार लोगों ने देखा रावण दहन

नवरात्रि के बाद विजयादशमी पर आयोजित 50वां ऐतिहासिक दशहरा महोत्सव इस उत्सव का शिखर रहा। शाम 8 बजे मुख्य दुर्गा मैदान में 51 फीट ऊंचे रावण, पुतला का दहन किया गया। जैसे ही अग्नि बाण चला, पूरा मैदान “जय श्री राम” के उद्घोष से गूंज उठा।

आतिशबाजी के बीच जब तीनों पुतले जले तो दर्शकों ने हर्ष और उल्लास के साथ इसका स्वागत किया। यह दृश्य बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दे गया। रावण दहन देखने के लिए पुसौर सहित 25 गांवों से 10 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी, जिसने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।

हर्ष और उल्लास के साथ माता रानी का भव्य विसर्जन

दशहरे के अगले दिन माता रानी के विसर्जन का कार्यक्रम ऐतिहासिक रहा। पूरे नगर में माता रानी का भव्य जुलूस निकाला गया। ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ निकले इस जुलूस में हजारों श्रद्धालु “जय माता दी” के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। हर गली-मोहल्ले में लोगों ने माता रानी की आरती उतारकर उन्हें विदाई दी। यह जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए बड़े तालाब तट पर बने विसर्जन कुंड तक पहुंचा, जहां विधि-विधान से विसर्जन संपन्न हुआ।

सुविधाओं का त्रिवेणी संगम

आयोजकों की दूरदर्शिता से श्रद्धालुओं के लिए तीन बड़ी निःशुल्क व्यवस्थाएं की गई थीं – सुरक्षित वाहन पार्किंग, पवित्र महाप्रसाद और निःशुल्क ओपेरा नाटक। नगर पंचायत प्रबंधन, पुलिस प्रशासन और आयोजक मंडल की मुस्तैदी से पूरा महोत्सव शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ।

यह आयोजन साबित करता है कि जब पूरा नगर एक साथ आता है तो एक छोटा सा भंडारा भी महाकुंभ बन जाता है।