ब्रेकिंग

पुसौर के तड़ोला में शिक्षा की नई पहचान बना लिटिल एंजेल पब्लिक स्कूल, CBSE विशेषज्ञों ने शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण

 

लक्ष्य न्यूज़ पुसौर शशि भूषण गुप्ता— कभी कहा जाता था कि अच्छी अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा केवल बड़े शहरों रायगढ़, बिलासपुर या रायपुर में ही मिल सकती है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए शहर की ओर पलायन करना पड़ता था। लेकिन इस धारणा को गलत साबित किया है नगर पंचायत पुसौर के ग्राम तड़ोला में स्थित *लिटिल एंजेल पब्लिक स्कूल* ने। आज यह स्कूल केवल एक स्कूल नहीं, बल्कि पूरे पुसौर अंचल के लिए शिक्षा के शिखर के रूप में स्थापित हो चुका है।

हाल ही में विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण कार्यशाला ने इस बात को फिर से सिद्ध कर दिया। 16 से 17 अक्टूबर 2026 तक चली इस कार्यशाला में सीबीएसई के अधिकृत विशेषज्ञ प्रशिक्षकों श्री आर. एस. साहू और श्री अनुराग गुलाल ने शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया

मां सरस्वती की पूजा से हुई शुरुआत

कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंधक श्री संजय प्रधान और प्राचार्य श्री नरेश निषाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कुल 37 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया।

दो दिनों तक चले इस गहन प्रशिक्षण सत्र में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

क्या सिखाया गया इस प्रशिक्षण में?

1. स्कूल में बच्चों की सही प्रशिक्षा कैसे होनी चाहिए।

2. परीक्षा का संचालन और मूल्यांकन कैसे किया जाए।

3. बच्चों की प्रतिभा को कैसे पहचाना और निखारा जाए।

4. कक्षा में पढ़ाने का नया और रोचक तरीका क्या है।

विशेषज्ञों ने बताया कि अब शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रही। आज का युग आर्ट, क्राफ्ट, साइंस, संस्कार और तकनीक का युग है। बच्चे को केवल पढ़ाना नहीं, बल्कि उसे समझना और उसकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ाना ही सच्ची शिक्षा है।

क्यों खास है लिटिल एंजेल स्कूल?

पुसौर जैसे ग्रामीण अंचल में जहां आज भी कई स्कूल संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं, वहां लिटिल एंजेल स्कूल ने अपने दम पर एक अलग पहचान बनाई है। इसकी तीन सबसे बड़ी ताकत हैं –

1. अनुशासन –  यहां के बच्चों में अनुशासन कूट-कूट कर भरा जाता है। यही कारण है कि इस स्कूल के पूर्व छात्र आज शासन-प्रशासन के महत्वपूर्ण पदों पर पहुंच चुके हैं।

2. संस्कार – अंग्रेजी माध्यम होने के बावजूद यहां भारतीय संस्कृति और संस्कारों को पूरी तरह से सहेज कर रखा गया है। हर कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा से होती है।

3. पढ़ाई – गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई ही इस स्कूल की असली पहचान है। समय-समय पर शिक्षकों का प्रशिक्षण कराना इसी का प्रमाण है।

विद्यालय के प्रबंधक संजय प्रधान ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि – “शिक्षा की गुणवत्ता ही स्कूल की असली पहचान है, इसलिए शिक्षकों का प्रशिक्षित होना जरूरी है। यदि शिक्षक अपडेट रहेगा, तभी वह बच्चों को नया ज्ञान दे पाएगा।”

उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के बाद अब स्कूल की पढ़ाई में और अधिक सुधार होगा, जिसका सीधा लाभ पुसौर अंचल के बच्चों को मिलेगा। अब पुसौर के बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि शहर के लोग पुसौर में अच्छी शिक्षा के लिए आएंगे।

पालकों का बढ़ता भरोसा

आज जब शिक्षा का व्यवसायीकरण हो रहा है, ऐसे में लिटिल एंजेल स्कूल ने कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर पालकों का भरोसा जीता है। यही कारण है कि लगातार इस स्कूल पर पालकों का भरोसा बढ़ रहा है। पिछले कुछ वर्षों में स्कूल के परीक्षा परिणामों ने भी जिले में अपना परचम लहराया है।

समारोह के अंत में प्रबंधक संजय प्रधान द्वारा दोनों प्रशिक्षकों को शॉल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। प्राचार्य नरेश निषाद ने सभी प्रशिक्षकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं भविष्य में भी आयोजित की जाती रहेंगी ताकि शिक्षक नई-नई तकनीकों से अवगत होते रहें।

निश्चित ही लिटिल एंजेल स्कूल का यह प्रयास पुसौर को शिक्षा के क्षेत्र में रायगढ़ जिले में एक अलग पहचान दिलाएगा। यह स्कूल सच में आज पुसौर के लिए शिक्षा के शिखर के रूप में स्थापित हो चुका है।