
तारापुर विद्यालय में आयोजित हुआ प्रेरक उद्बोधन कार्यक्रम; विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का किया समाधान
लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करें, दृढ़ इच्छाशक्ति रखें, उचित मार्गदर्शन प्राप्त करें और बड़ों का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ें, तो सफलता अवश्य मिलती है। विद्यार्थियों में देश के लिए कुछ करने का जज्बा होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका होगी।
उक्त प्रेरक विचार सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी एस. एल. नायक ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तारापुर में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। विद्यालय में 28 अक्टूबर को आयोजित मोटिवेशनल कार्यक्रम में श्री नायक मुख्य वक्ता एवं मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहे। वे सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के उपसचिव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मंत्रालय में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव सहित विभिन्न महत्त्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। वे पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव के ओएसडी भी रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदा की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। अतिथियों के परिचय के पश्चात छात्राओं ने हस्तनिर्मित गुलदस्ता भेंटकर श्री नायक का स्वागत किया। विद्यालय के प्राचार्य हितेंद्र सिंह पटेल ने स्वागत उद्बोधन दिया।
सफलता के बताए पाँच सूत्र
अपने प्रेरक उद्बोधन में श्री नायक ने विद्यार्थियों को सफलता के पाँच सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करें, फिर उसे प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करें। तीसरा, दृढ़ इच्छाशक्ति बनाए रखें। चौथा, अनुभवी एवं जानकार लोगों से उचित मार्गदर्शन प्राप्त करें और पांचवां, बड़ों का आशीर्वाद लेकर निरंतर आगे बढ़ते रहें। इन सूत्रों को जीवन में अपनाने से सफलता की राह आसान हो जाती है।
श्री नायक ने अपने प्रशासनिक जीवन के विविध अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को अध्ययन, अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास का महत्त्व समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करने के लिए प्रेरित किया।
ओ. पी. चौधरी के संघर्ष और इच्छाशक्ति का दिया उदाहरण
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए श्री नायक ने तारापुर के निकटवर्ती गांव बायंग के सामान्य परिवार में जन्मे ओ. पी. चौधरी के जीवन का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, लगन और निरंतर परिश्रम के बल पर ओ. पी. चौधरी ने आईएएस अधिकारी बनने तक का सफर तय किया। वर्तमान में वे रायगढ़ के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन में वित्त मंत्री हैं। श्री नायक ने विद्यार्थियों से उनके संघर्षपूर्ण जीवन और अध्ययनकाल से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
ई-कचरा प्रबंधन के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एनसीसी अधिकारी किरण कुमार पटेल ने विद्यार्थियों को ई-कचरा प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से उत्पन्न कचरे के उचित निपटान की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ई-कचरे के अव्यवस्थित निपटान से पर्यावरण एवं मानव जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से ई-कचरे के सुरक्षित प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का किया समाधान
प्रेरक उद्बोधन के पश्चात छात्र-छात्राओं ने श्री नायक के समक्ष अपने मन में उठे सवाल एवं जिज्ञासाएं रखीं। श्री नायक ने अपने अनुभवों के आधार पर उनके प्रश्नों का सरल एवं सारगर्भित उत्तर देते हुए उचित मार्गदर्शन प्रदान किया। इस संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की उत्साहजनक सहभागिता रही। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) के स्वयंसेवकों ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से श्री एस. एल. नायक को प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया तथा उनके अमूल्य मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता भोजराम पटेल ने किया। उन्होंने अपने काव्यमय आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
— भोजराम पटेल
कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तारापुर, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़)




