ब्रेकिंग

वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत जनचौपाल-संवाद कार्यक्रम को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन,  

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस एवं प्रदेश कांग्रेस द्वारा संचालित वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान* के तहत जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ की ओर से मंडल स्तरीय जनचौपाल-संवाद कार्यक्रमों की कड़ी लगातार आगे बढ़ रही है। अभियान के द्वितीय दिवस 12 नवंबर गुरुवार को शहर के दो अलग-अलग मंडलों में जनचौपाल आयोजित कर कांग्रेस नेताओं ने आम नागरिकों के बीच पहुंचकर मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे गंभीर विषयों पर सीधा संवाद किया।

द्वितीय दिवस का पहला कार्यक्रम सुबह 11 बजे मुख्य शहर ब्लॉक के मंडल क्रमांक-2 अंतर्गत गौशाला पारा स्थित वेयरहाउस सामुदायिक भवन में आयोजित हुआ। मंडल प्रभारी पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला, मंडल अध्यक्ष दीपक सिंह एवं ब्लॉक अध्यक्ष संदीप अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस जनचौपाल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव सहित कांग्रेसजनों ने सहभागिता की। वहीं दूसरा कार्यक्रम दोपहर 3 बजे पश्चिम ब्लॉक के मंडल क्रमांक-3 अंतर्गत पतरापाली,चुनचुना में संपन्न हुआ। यहां मंडल प्रभारी दीपक पांडेय, मंडल अध्यक्ष आशुतोष चंदेल एवं ब्लॉक अध्यक्ष रवि यादव के नेतृत्व में आयोजित जनचौपाल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने आम लोगों से संवाद स्थापित किया।

दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए जनता को जागरूक करना समय की आवश्यकता है। वोट की ताकत जनता को सत्ता चुनने का अधिकार देती है, लेकिन यदि मतदाता सूची ही सवालों के घेरे में आ जाए तो लोकतंत्र की बुनियाद प्रभावित होती है। आज आवश्यकता इस बात की है कि आम नागरिक केवल चुनाव के समय मतदान करने तक अपनी जिम्मेदारी सीमित न समझें, बल्कि समय-समय पर मतदाता सूची में अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नामों की जांच भी करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनचौपाल के माध्यम से उन आशंकाओं और शिकायतों को जनता के सामने रख रही है, जिनमें पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने, एक ही नाम की दोहरी प्रविष्टियां होने और संदिग्ध नामों के जुड़ने जैसे मामले शामिल हैं। हमारा प्रयास है कि हर नागरिक अपने वोट की अहमियत समझे और किसी भी अनियमितता के सामने चुप न रहे।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने कहा कि मतदाता सूची किसी भी चुनाव की आधारशिला होती है। यदि इस आधारशिला में ही त्रुटियां रह जाएं तो निष्पक्ष चुनाव की अपेक्षा प्रभावित हो सकती है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक को अपनी बात रखने और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान जनता के बीच चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों को ले जाने और मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

पश्चिम ब्लॉक मंडल प्रभारी वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपक पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि है और उसकी पहचान तथा मतदान का अधिकार किसी भी परिस्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए। आम नागरिकों को यह जानना जरूरी है कि मतदाता सूची में उनका नाम किस स्थिति में दर्ज है। यदि किसी का नाम गलत तरीके से हटाया गया है या सूची में कोई संदिग्ध प्रविष्टि दिखाई देती है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसकी शिकायत और सुधार के लिए पहल करनी चाहिए। जनचौपाल के जरिए कांग्रेस इसी जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

मंडल अध्यक्ष आशुतोष चंदेल ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल नेताओं और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। मतदान का अधिकार वर्षों के संघर्ष और संवैधानिक व्यवस्था से प्राप्त हुआ है। इसलिए प्रत्येक मतदाता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मतदाता सूची की जांच करनी चाहिए और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।

जनचौपाल-संवाद के दौरान उपस्थित नागरिकों को ब्लॉक अध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने मतदाता सूची में नामों की जांच, नए मतदाताओं के पंजीयन, त्रुटियों में सुधार तथा नाम विलोपन संबंधी आपत्तियों की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। ब्लॉक अध्यक्ष रवि यादव ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा चुनावी बहस का विषय नहीं,यह आम आदमी के उस अधिकार से जुड़ा है जिसके माध्यम से वह अपनी सरकार चुनता है। इसी कारण जनता के बीच जाकर इन विषयों पर खुलकर चर्चा करना और लोगों को जागरूक करना अभियान की प्राथमिकता है।

जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित इस अभियान के प्रथम एवं द्वितीय दिवस के कार्यक्रमों के माध्यम से शहर के विभिन्न मंडलों में जनसंपर्क और संवाद की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी मंडलवार जनचौपालों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों और सवालों को जनता के बीच उठाकर प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति सजग किया जा सके।