ब्रेकिंग

गांवों तक पहुंचा वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान, विश्वनाथपाली और कोलाईबहाल में जनचौपाल-संवाद आयोजि

 

रायगढ़। वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ द्वारा चलाए जा रहे मंडल स्तरीय जनचौपाल-संवाद कार्यक्रमों ने अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। अभियान के चौथे दिन 14 नवंबर शनिवार को पूर्वांचल ब्लॉक के दो मंडलों में जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों के बीच मतदाता अधिकारों, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कांग्रेसजनों ने गांवों में लोगों के बीच पहुंचकर लोकतंत्र से जुड़े उन सवालों पर चर्चा की, जिनका प्रभाव प्रत्येक मतदाता के अधिकार और चुनाव में उसकी भागीदारी पर पड़ता है।

वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत जनचौपाल-संवाद चौथे दिन का पहला कार्यक्रम दोपहर 12 बजे पूर्वांचल ब्लॉक के मंडल क्रमांक-1 अंतर्गत विश्वनाथपाली में आयोजित हुआ। मंडल अध्यक्ष नजीर खान के नेतृत्व में आयोजित इस जनचौपाल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद किया। इसके बाद दूसरा कार्यक्रम शाम 4 बजे पूर्वांचल ब्लॉक के मंडल क्रमांक-2 अंतर्गत कोलाईबहाल में संपन्न हुआ। मंडल प्रभारी पूर्व विधायक प्रकाश नायक एवं मंडल अध्यक्ष रतन कन्हेर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भी सैकड़ों की संख्या में उपस्थित ग्रामीणों के बीच मतदाता जागरूकता से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि एक सामान्य नागरिक का वोट भी देश की सर्वोच्च सत्ता के निर्धारण में उतना ही महत्व रखता है, जितना किसी प्रभावशाली व्यक्ति का। इसलिए मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि को सामान्य प्रशासनिक गलती मानकर अनदेखा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को बता रही है कि अपने मताधिकार की सुरक्षा के लिए उन्हें क्या सावधानियां बरतनी चाहिए। जनता को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े सवालों पर जवाबदेही की मांग करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता सूची को लेकर जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। कई बार जानकारी के अभाव में लोग अपने नाम में हुई त्रुटि या नाम विलोपन की जानकारी समय पर नहीं ले पाते। प्रत्येक गांव में लोगों को अपनी मतदाता पहचान और सूची में दर्ज विवरण की पड़ताल करनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अवसर से वंचित होने की नौबत न आए।

मंडल प्रभारी प्रकाश नायक ने अपने विचार रखते हुए कहा कि चुनाव की निष्पक्षता का आंकलन केवल मतदान के दिन की व्यवस्था से नहीं किया जा सकता। इसकी शुरुआत मतदाता सूची तैयार होने से ही होती है। सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जनता को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी देकर ही संभावित गड़बड़ियों के प्रति सजग बनाया जा सकता है।

मंडल अध्यक्ष नजीर खान ने कहा कि गांव का प्रत्येक मतदाता अपने वोट की अहमियत समझे और अपने परिवार सहित आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची की जांच के लिए प्रेरित करे। लोकतंत्र में नागरिक की भागीदारी सरकार चुनने से लेकर चुनावी प्रक्रिया पर निगरानी रखने तक भी होनी चाहिए।

वहीं मंडल अध्यक्ष रतन कन्हेर ने कहा कि ग्रामीण जनता को अपने संवैधानिक अधिकारों की जानकारी देना समय की जरूरत है। मतदाता सूची में किसी का नाम छूटने, गलत विवरण दर्ज होने अथवा किसी संदिग्ध प्रविष्टि की जानकारी मिलने पर संबंधित निर्वाचन अधिकारी तक अपनी बात पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनचौपाल के जरिए लोगों को जागरूक करने का यह प्रयास गांवों में लोकतांत्रिक भागीदारी को और व्यापक बनाएगा।

दोनों जनचौपालों में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण, पात्र मतदाताओं के नामों की जांच, नए मतदाताओं के पंजीयन, नाम विलोपन और संशोधन की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया और उपलब्ध शिकायत व्यवस्था का उपयोग किया जा सकता है। अभियान के माध्यम से सामने आ रही मतदाताओं की शंकाओं और समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया।

इस दौरान जिला कांग्रेस के अध्यक्ष शाखा यादव,पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला,पूर्व विधायक प्रकाश नायक,मनीष देवांगन,सत्यप्रकाश शर्मा,प्रदीप चौहान,वैभव चौबे ने बताया कि वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को केवल शहरों तक सीमित न रखकर ग्रामीण अंचलों तक पहुंचाया जा रहा है। मंडलवार जनचौपालों के जरिए जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूकता का विस्तार किया जाएगा, ताकि लोकतंत्र की प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुरक्षित रह सके।