
रायगढ़ राजा चक्रधर सिंह ने रेलवे को कुछ एकड़ जमीन दान में दी थी रेलमंत्री से मिले सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह शहर को अब एक और रेलवे स्टेशन की सौगात मिल सकती है। उसके दस्तावेज मिले हैं। रेलमंत्री को भी इसे दिखाया गया है। सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने इस जमीन पर स्टेशन बनाने और सात ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग की है। रायगढ़ जिले के लिए एक और बड़ी सौगात केंद्र सरकार देने वाली है। मुख्य स्टेशन के अलावा एक और रेलवे स्टेशन रायगढ़ में बन सकता है। स्व. राजा चक्रधर सिंह ने शहर में बालसमुंद के पास रेलवे को कई एकड़ जमीन दान की थी। लेकिन इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। इसके कोई दस्तावेज भी नहीं मिल पाए थे। राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह को महल में रखे हुए ये कागजात मिल गए।

इसके बाद उन्होंने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से समय लेकर मुलाकात की। उन्होंने बरसों पहले रेलवे को दी गई जमीन के दस्तावेज भी केंद्रीय रेल मंत्री को दिखाए। इसके बाद उन्होंने जमीन पर अलग रेलवे स्टेशन बनाने की मांग की। बड़े शहरों की तर्ज पर रायगढ़ में भी दो स्टेशन होंगे जहां ट्रेनों को बांटा जा सकता है। वर्तमान में रायगढ़ स्टेशन में कई जरूरी ट्रेनों का स्टॉपेज ही नहीं है। सांसद ने सात ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग भी की। उन्होंने आवंटित जमीन पर नए रेलवे स्टेशन बनाने की मांग की जिस पर सकारात्मक जवाब मिला है। आने वाले समय में एक नया स्टेशन आकार लेगा जिससे रायगढ़ में नए ट्रेनों का स्टॉपेज भी होगा।बालसमुंद बस्ती के आगे पहाड़ मंदिर के पास नया रेलवे बन जाने से कई तरह की सहूलियत लोगों को मिलेगी। अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी मिलेगी। वर्तमान स्टेशन से दबाव कम होगा। यात्रियों की संख्या भी डायवर्ट होगी। फिलहाल जमीन के चिह्नांकन और सीमांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। देखना होगा कि जमीन खाली ही है या किसी ने कब्जा कर लिया है।





