ब्रेकिंग

जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, परीक्षार्थियों की रही अच्छी उपस्थिति दोनों पालियों में 90 प्रतिशत से अधिक परीक्षार्थी हुए शामिल

रायगढ़, 1 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा आज रायगढ़ जिले में व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। इस परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिले में कुल 77 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें प्राथमिक स्तर के लिए 30 और माध्यमिक स्तर के लिए 47 केंद्र निर्धारित थे। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखा गया, जिसके परिणामस्वरूप दोनों ही पालियों में उपस्थिति का औसत 90 प्रतिशत से अधिक रहा। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रथम पाली में 8,235 परीक्षार्थियों में से 7,401 उपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में 13,059 में से 11,950 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

परीक्षा के दौरान नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया। व्यापम के निर्देशानुसार परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले ही केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए थे। सुरक्षा के लिहाज से तैनात पुरुष एवं महिला कर्मी द्वारा सभी परीक्षार्थियों की गहन जांच की गई और केवल मूल पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश की अनुमति दी गई। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पूरी प्रक्रिया को इतना सुव्यवस्थित रखा गया कि कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। प्रशासनिक स्तर पर इस परीक्षा की निगरानी के लिए कलेक्टर द्वारा डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। उनके सहयोग के लिए सहायक नोडल अधिकारियों और तहसीलदार व नायब तहसीलदार के नेतृत्व में उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया था। इन दलों ने दिन भर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों की इसी सक्रियता और मुस्तैदी के कारण जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।

WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.22
WhatsApp Image 2026-02-06 at 12.06.32
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21 (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.22 (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21 (2)