ब्रेकिंग

 10 फरवरी को सजेगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह का भव्य मंडप, 190 जोड़े लेंगे सात फेरे

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़, 1 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आगामी 10 फरवरी को रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में खुशियों की शहनाई गूंजने वाली है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस विशाल सामूहिक विवाह समारोह में जिले की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं से आए 190 जोड़े एक-दूजे का हाथ थामेंगे। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होकर नव-दंपत्तियों को अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं प्रदान करेंगे। समारोह को गरिमामय और सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री एल.आर.कच्छप ने सभी परियोजना अधिकारियों को तैयारियों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिले को इस वर्ष कुल 300 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य मिला था, जिसमें से 110 जोड़ों का सफल विवाह पहले ही संपन्न कराया जा चुका है और अब 10 फरवरी को 190 और जोड़ों के साथ इस लक्ष्य को पूरा किया जा रहा है। शासन की इस योजना के तहत प्रत्येक नव-वधु को आर्थिक संबल देने के लिए कुल 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है, जिसमें 35 हजार रुपये का चेक या बैंक ड्राफ्ट सीधे कन्या को दिया जाता है। इसके अतिरिक्त 7 हजार रुपये वर-वधु के परिधान व श्रृंगार सामग्री पर तथा 8 हजार रुपये भव्य विवाह समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं। इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलता है जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते हैं या मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के पात्र हितग्राही हैं। कन्या का छत्तीसगढ़ निवासी होना और यह उसका प्रथम विवाह होना अनिवार्य है। शासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में फिजूलखर्ची रोककर आदर्श विवाह को बढ़ावा देना, बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर अंकुश लगाना और गरीब परिवारों के पिता के आत्मसम्मान को सुरक्षित रखते हुए बेटियों की विदाई सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है।

WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.22
WhatsApp Image 2026-02-06 at 12.06.32
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21 (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.22 (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21 (2)