ब्रेकिंग

प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन व एनपीएस ट्रेडर्स योजना के पंजीयन हेतु 4 फरवरी को लगेगा शिविर 60 वर्ष की आयु पर मिलेगी 3 हजार रुपये मासिक पेंशन

लक्ष्य न्यूज़: रायगढ़, 2 फरवरी 2026/ भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए संचालित प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन योजना एवं एनपीएस ट्रेडर्स योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के पंजीयन हेतु 4 फरवरी को शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर नगर निगम रायगढ़ में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा। शिविर के माध्यम से नवीन श्रम पंजीयन, नवीनीकरण एवं योजना से संबंधित आवेदन किया जाएगा। इच्छुक व पात्र श्रमिक आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाता विवरण एवं मोबाइल नंबर के साथ शिविर स्थल पर उपस्थित होकर पात्रता जांच करवा सकते हैं और योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

सहायक श्रमायुक्त रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन योजना के तहत फेरी लगाने वाले, कचरा बीनने वाले, हमाल, रिक्शा चालक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका, मितानिन, वनोपज श्रमिक, भूमिहीन व कृषि श्रमिक, मध्यान्ह भोजन रसोइया, चमड़ा व हाथकरघा उद्योग, मनरेगा, बीड़ी उद्योग सहित अन्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिक शामिल हो सकते हैं। योजना का लाभ 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के वे श्रमिक ले सकते हैं, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है तथा जो ईपीएफओ, ईएसआईसी या एनपीएस सरकारी के सदस्य या आयकर दाता नहीं हैं।

WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.22
WhatsApp Image 2026-02-06 at 12.06.32
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21 (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.22 (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21 (2)

योजनांतर्गत हितग्राही को आयु के अनुसार 55 रुपये से 200 रुपये प्रतिमाह अंशदान जमा करना होगा, जिसके बराबर अंशदान भारत सरकार द्वारा दिया जाएगा। 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 3 हजार रुपये प्रतिमाह न्यूनतम पेंशन देय होगी। हितग्राही की मृत्यु की स्थिति में उत्तराधिकारी को 50 प्रतिशत पेंशन का लाभ मिलेगा। वहीं, 60 वर्ष से पूर्व योजना से बाहर होने पर जमा राशि ब्याज सहित वापस की जाएगी।