
लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़, 8 अप्रैल 2026/ आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा “प्रशासन पहुंचेगा जनता के द्वार” अभियान के तहत जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 9 अप्रैल को खरसिया के स्वामी आत्मानंद स्कूल, मदनपुर तहसील परिसर के पास शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगा, शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आम जनता को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। जिला प्रशासन ने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।





