ब्रेकिंग

डबल इंजन भाजपा सरकार के राज में वृद्धजन अपनी ही पेंशन के लिए बैंक और कार्यालय में चक्कर काट रहे हैं  संवेदनहीनता की सारी हदें पार – अरुणा चौहान

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़  छत्तीसगढ़ में वृद्धा पेंशन हितग्राहियों के खातों में अब तक राशि जमा नहीं होने पर महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अरुणा चौहान ने डबल इंजन भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार के बड़े-बड़े दावों और जमीनी हकीकत में भारी अंतर है। एक तरफ भाजपा सरकार गरीबों, बुजुर्गों और कमजोर वर्गों के कल्याण की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के हजारों वृद्धजन अपनी पेंशन की राशि के लिए बैंक और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

अरुणा चौहान ने कहा कि वृद्धा पेंशन किसी की कृपा नहीं, बल्कि बुजुर्गों का संवैधानिक और सामाजिक अधिकार है। जिन वरिष्ठ नागरिकों ने अपना पूरा जीवन समाज और परिवार के निर्माण में लगाया, आज वही लोग अपनी वृद्धावस्था में कुछ सौ रुपये की पेंशन के लिए अपमान और उपेक्षा झेल रहे हैं। डबल इंजन भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में गरीब और बुजुर्ग दिखाई नहीं देते, तभी तो समय पर पेंशन तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक वृद्धजन केवल पेंशन के सहारे दवा, राशन और अन्य जरूरी खर्च पूरे करते हैं। पेंशन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई बुजुर्गों को उधार लेकर जीवनयापन करना पड़ रहा है। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार की प्रशासनिक नाकामी को उजागर करती है।

अरुणा चौहान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रचार और आत्मप्रशंसा में व्यस्त है, जबकि आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। डबल इंजन सरकार का दावा था कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से योजनाओं का लाभ तेजी से मिलेगा, लेकिन आज हकीकत यह है कि बुजुर्गों की पेंशन तक समय पर नहीं पहुंच पा रही है। इससे स्पष्ट है कि डबल इंजन का फायदा जनता को नहीं, केवल राजनीतिक प्रचार को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन तत्काल स्पष्ट करें कि वृद्धा पेंशन भुगतान में देरी क्यों हो रही है, जिम्मेदार कौन है और भुगतान कब तक होगा। बुजुर्गों को अनिश्चितता में रखना किसी भी संवेदनशील सरकार को शोभा नहीं देता।

अरुणा चौहान ने कहा कि यदि शीघ्र सभी पात्र हितग्राहियों के खातों में लंबित पेंशन राशि जमा नहीं की गई तो रायगढ़ महिला कांग्रेस सड़क से लेकर प्रशासनिक कार्यालयों तक आंदोलन करेगी और बुजुर्गों के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करेगी।

उन्होंने मांग की कि लंबित पेंशन राशि तत्काल जारी की जाए, भुगतान में हुई देरी की जवाबदेही तय की जाए तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर बुजुर्ग के सम्मान और अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी कीमत पर उनके साथ अन्याय नहीं होने देगी।

डबल इंजन भाजपा सरकार के दावों की पोल तब खुल जाती है जब प्रदेश के बुजुर्ग अपनी ही पेंशन के लिए भटकने को मजबूर हो जाते हैं। सरकार तत्काल जवाब दे और सभी हितग्राहियों के खातों में पेंशन राशि जमा करे।”