
रायगढ़, 15 जून। रायगढ़ जिला जेल में बंद 28 वर्षीय विचाराधीन बंदी संजय बघेल निवासी ग्राम-नवापारा थाना- कोतरा रोड रायगढ़ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने 6 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
समिति की संयोजक सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद को बनाया गया है। समिति में लैलूंगा विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार, बिलाईगढ़ विधायक श्रीमती कविता प्राणलहरे, पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश, रायगढ़ ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष नागेंद्र नेगी तथा रायगढ़ शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जांच समिति जेल प्रबंधन, पीड़ित परिवार तथा संबंधित वार्डवासियों से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की वस्तुस्थिति की जानकारी लेगी और अपनी जांच रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की आवश्यकता पर बल दिया है, ताकि मृतक के परिजनों को उचित न्याय मिल सके और जेल प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
यहाँ उल्लेखनीय तथ्य यह है कि विगत 10 जून को मृतक संजय बघेल को कथित रूप से अवैध शराब बिक्री के मामले पर थाना कोतरा रोड पुलिस द्वारा पूरी तरह से स्वस्थ अवस्था में गिरफ्तार कर प्रकरण पंजीबद्ध की कार्रवाई करते हुए जेल निरुद्ध किया गया था जिसे 13 जून को जेल प्रशासन द्वारा संदिग्ध परिस्थिति में मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया और कुछ ही घंटे की प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया ,जिसकी सूचना पाकर मृतक संजय के परिजन अस्पताल उसे देखने पहुंचे तो पुलिस द्वारा उन्हें देखने से रोका गया , उनके परिजनों को विश्वस्त सूत्रों से जानकारी प्राप्त हुई कि मृतक संजय के शरीर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं जिससे परिजनों को मृतक संजय के साथ जेल में मारपीट होने की आशंका उत्पन्न हो रही है अतएव ऐसे गंभीर विषय को प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री दीपक बैज ने संज्ञान लेते हुए 6 सदस्यीय जांच समिति गठित की है ताकि पीड़ित परिवार को उचित न्याय मिल सके।


