ब्रेकिंग

अखिल भारतीय कांग्रेस के 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे शाखा और नागेन्द्र 

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़, 16 जून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में 21 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित होने वाले 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव एवं ग्रामीण अध्यक्ष नागेन्द्र नेगी भी शामिल होंगे।

यह प्रशिक्षण शिविर आशुतोष अलका अग्रवाल, मंगल भवन, चांदीमोड़ (छत्तीसगढ़) में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर के जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, एआईसीसी पदाधिकारी तथा वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। शिविर का उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना, कांग्रेस की सैद्धांतिक विचारधारा, संवैधानिक मूल्यों तथा जनहित के मुद्दों पर कार्य करने जिला पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करना है।

रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव व ग्रामीण के अध्यक्ष नागेन्द्र नेगी ने संयुक्त रूप से कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिविर में पार्टी की नीतियों, जनसरोकारों और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन से संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाने की दिशा में कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वय ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने से जिला स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच समन्वय और मजबूत होगा। पार्टी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप जिला कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण अध्यक्ष पूरे उत्साह के साथ इस प्रशिक्षण शिविर में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा सैद्धांतिक विचारधारा, प्रशिक्षण और जनसेवा की राजनीति में विश्वास करती है तथा यह शिविर उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे संगठन को नई उर्जा के साथ मजबूती और दिशा प्राप्त होगी।