ब्रेकिंग

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शनिवार की सुबह हाथी के हमले से दो ग्रामीणों की मौत हो गई, इस दौरान एक मासूम बच्ची की जान बाल बाल बची है, वही हाथी ने वन विभाग की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में छूट गई है। दोनों ही मामला धर्मजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव बस्ती में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे एक हाथी बस्ती में घुस आया और उत्पात मचाने लगा। हाथी को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान जान बचाने के लिए घर से बाहर निकलकर भाग रही एक महिला शकुंतला बाई पर हाथी ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद हाथी काफी देर तक बस्ती के आसपास घूमता रहा। इस दौरान उसने वन विभाग की एक गाड़ी पर भी हमला कर दिया, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है।

इधर, छाल रेंज के औरानारा गांव में भी शनिवार की सुबह करीब 5 बजे हाथी के हमले में एक ग्रामीण बंधन सिंह अगरिया 50 साल, की मौत हो गई। ग्रामीण की मौत के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं और रात के समय विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। इस घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने, हाथियों के नजदीक न जाने तथा किसी भी गतिविधि की तत्काल सूचना विभाग को देने की अपील की है। विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही है और हाथी के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।

कापू शकुंतला बाई 37 साल

छाल बंधन सिंह अगरिया 50 साल