ब्रेकिंग

बच्चों को मोबाइल और जंक फूड से दूर रहने का दिया संदेश जेसीआई रायगढ़ सिटी और आईसीएआई का जीवनोपयोगी  सेमिनार आयोजित

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। जेसीआई रायगढ़ सिटी एवं आईसीएआई की रायगढ़ शाखा के संयुक्त तत्वावधान में 8 से 13 वर्ष के बच्चों के लिए एक विशेष जागरूकता सेमिनार ‘लाइफ चेंजिंग सेमिनार’ का सफल आयोजन रविवार, 23 अगस्त को आईसीएआई भवन, फ्रेंड्स कॉलोनी के पास किया गया। इस सेमिनार में रायगढ़ शहर के 60 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं जेसीआई इंडिया के नेशनल ट्रेनर जेसी अर्त्तत्राण पाढ़ी ने बच्चों को मनोरंजक एवं प्रेरणादायक तरीके से डिजिटल लत व खान-पान से जुड़ी आदतों के दुष्प्रभावों के बारे में समझाया। उन्होंने बच्चों को मोबाइल स्क्रीन टाइम कम करने, फास्ट फूड व जंक फूड से दूरी बनाने तथा दैनिक जीवन में हरी सब्जियों व पौष्टिक आहार को शामिल करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए।

सत्र के समापन पर सभी बच्चों को पौष्टिक नाश्ता कराया गया तथा संस्था की ओर से उपहार स्वरूप पेंसिल बॉक्स और कलर पेंसिल प्रदान किए गए, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

जेसीआई रायगढ़ सिटी के अध्यक्ष जेसी सीए गुलशन अग्रवाल और आईसीएआई रायगढ़ शाखा के चेयरमैन सीए दिनेश अग्रवाल ने बताया कि आधुनिक दौर में बच्चों को मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इस सफल आयोजन में प्रोग्राम डायरेक्टर जेसी अमन विजय अग्रवाल और सीए इशिता अग्रवाल सहित दोनों संस्थाओं के पदाधिकारी, सदस्य एवं अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।