
लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़ राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जेसीआई रायगढ़ सिटी और अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच (रायगढ़ शाखा) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित ‘वॉकथॉन 2.0’ रविवार (30 अगस्त) को बेहद उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों और डॉक्टरों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे शहर को ‘स्वस्थ भारत, सशक्त भारत’ का संदेश दिया। रविवार की सुबह कार्यक्रम की शुरुआत बेहद गौरवपूर्ण माहौल में हुई, जहाँ उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने एक सुर में सामूहिक राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान की गूंज से सभी में देशभक्ति और ऊर्जा का संचार हुआ। इसके तुरंत बाद नेहरू पार्क में आयोजित 15 मिनट के धमाकेदार ज़ुम्बा सेशन ने माहौल को पूरी तरह बदल दिया। ट्रेनर की धुनों पर थिरकते हुए प्रतिभागियों ने वॉकथॉन के लिए खुद को वार्म-अप किया, जिससे हर तरफ जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

इसके बाद वॉकथॉन को नटवर स्कूल मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ‘वॉक फॉर हेल्थ, वॉक फॉर कम्युनिटी’ के नारों के साथ सैकड़ों प्रतिभागी सुभाष चौक और गौरीशंकर मंदिर चौक होते हुए कमला नेहरू पार्क (समापन स्थल) पहुंचे। पूरे रास्ते में देशभक्ति और स्वास्थ्य से जुड़े नारों की गूंज रही। नटवर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भारी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों और बच्चों को विशेष प्रमाण-पत्र (Certificate) प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में जेसीआई रायगढ़ सिटी के अध्यक्ष जेसी सीए गुलशन अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल और कार्यक्रम अध्यक्ष जेसी सौभाग्य सावड़िया सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए समस्त रायगढ़वासियों, डॉक्टरों, स्कूल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया।



