ब्रेकिंग

राहुल गांधी के खिलाफ FIR के विरोध में कांग्रेस ने किया विरोध मार्च 

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़ 1 सितंबर। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी की रैली स्थल पर भाजपा एवं आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित निंदनीय एवं जातिवादी शुद्धिकरण अनुष्ठान जैसे

कृत्य के विरोध में लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी जी द्वारा आवाज उठाने व प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से दृढ़तापूर्वक अपना पक्ष रखते हुए दोषियों के विरुद्ध FIR दर्ज करने व कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी परन्तु इस गंभीर एवं संवैधानिक मूल्यों के अपमान की घटना के दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के बजाय उत्तराखंड के भाजपा सरकार के दबाव में उत्तराखंड पुलिस ने हल्द्वानी सिटी कोतवाली थाने में आश्चर्यजनक रूप से श्री राहुल गांधी जी के विरुद्ध FIR दर्ज कर दी है। इस प्रतिशोध की राजनीति की कड़ी निंदात्मक कृत्य श्री राहुल गांधी जी पर दर्ज FIR को वापस लेने तथा उत्तराखंड के दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी निर्देशानुसार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन पर रायगढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में कांग्रेस भवन रायगढ़ से विरोध मार्च निकाला जो महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समापन किया गया।

शाखा यादव ने कहा कि भाजपा द्वारा इस जातिवादी व्यवहार का खुले तौर पर बचाव करना तथा नेताप्रतिपक्ष को निशाना बनाने के लिए राज्य मशीनरी का बेशर्मी से दुरुपयोग करना स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि आज सामाजिक अन्याय के सबसे बड़े संरक्षक और जिम्मेदार कौन हैं? उन्होंने यह साबित कर दिया है कि जातिगत भेदभाव और दलित अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाने वाले किसी भी व्यक्ति को दबाने के लिए वे राज्य की पूरी ताकत का इस्तेमाल करने से भी पीछे नहीं हटते हैं ।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी जी के खिलाफ दर्ज FIR को तत्काल वापस लेने की मांग की।

जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने कहा कि सामाजिक अन्याय, जातिगत भेदभाव और संविधान के मूल्यों के खिलाफ आवाज उठाना कोई अपराध नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सीधा आरोप है कि हल्द्वानी की घटना में दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय भाजपा सरकार के दबाव में राहुल गांधी जी के खिलाफ FIR दर्ज करना लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। सरकारी तंत्र का राजनीतिक इस्तेमाल कर कांग्रेस की आवाज को दबाने का प्रयास सफल नहीं होगा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने कहा कि राहुल गांधी जी सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं और कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ मजबूती से खड़ा है। कांग्रेस ने मांग की कि राहुल गांधी जी के खिलाफ दर्ज FIR तत्काल निरस्त की जाए तथा हल्द्वानी की मूल घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

उक्त अवसर पर मुख्य रुप से जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शाखा यादव,ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्त्तागण उपस्थित रहे।