
लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़ 5 सितंबर। शिक्षक दिवस एवं महान शिक्षाविद्, भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती के अवसर पर तपस्या सेवा समिति के बैनर तले 6 सितंबर को रायगढ़ अंचल के सेवानिवृत्त एवं उत्कृष्ट शिक्षकों के सम्मान में विशेष समारोह का आयोजन किया जाएगा।

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति समाज में सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना को और मजबूत करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को रेखांकित करना है।

तपस्या सेवा समिति ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे शिक्षकों का सम्मान समाज के लिए गौरव का विषय है।

समिति ने रायगढ़ अंचल के गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों एवं शिक्षा प्रेमियों से समारोह में उपस्थित होकर शिक्षक समुदाय का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।


