
लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। 14 सितंबर को मनाए जाने वाले तीज पर्व को लेकर बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। तीजा के लिए बहनों को साड़ी देने की परंपरा के चलते कपड़ा बाजार में खरीदारी ने रफ्तार पकड़ ली है। साड़ियों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ रही है और कारोबारी भी इस बार बेहतर कारोबार की उम्मीद लगाए बैठे हैं। छत्तीसगढ़ में तीजा को लेकर साड़ियों की खरीदारी को लेकर बाजारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

तीज नजदीक आते ही बाजार में अलग-अलग डिजाइन, रंग और रेंज की साड़ियां ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। पारंपरिक साड़ियों के साथ डिजाइनर और फैंसी साड़ियों की भी मांग बनी हुई है। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए नए कलेक्शन और पर्याप्त स्टॉक तैयार रखा है।

साड़ी के साथ श्रृंगार सामग्री की भी जमकर खरीदारी

तीज की खरीदारी में सिर्फ साड़ी ही नहीं, बल्कि चूड़ी, बिंदी, मेहंदी, सिंदूर और अन्य श्रृंगार सामग्री की मांग भी बढ़ गई है। बाजार में महिलाएं अपनी पसंद और साड़ी के रंग के हिसाब से मैचिंग सामान खरीदती नजर आ रही हैं। तीज को लेकर अन्य शहरों में भी साड़ी और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या बढ़ने की खबर है।
कारोबारियों के मुताबिक, प्रदेश भर में साड़ियों का 700 करोड़ का कारोबार संभव है। पंडरी कपड़ा बाजार तो रात को 12 बजे तक खरीदारी के कारण खुल रहा है। छत्तीसगढ़ में विवाहित महिलाओं को तीजा का बेताबी से इंतजार रहता है। तीज पर्व 14 सितंबर को है। तीजा के लिए भाई बहन के ससुराल से उनको अपने घर लेकर आते हैं। तीजा पर भाई द्वारा बहन को साड़ी देने की परंपरा है। इस परंपरा के लिए ही भाई बहनों के लिए साड़ियों की खरीदारी कर रहे हैं। ऐसे में प्रदेश भर के कपड़ा बाजार में खासकर साड़ियों की दुकानों में रौनक है और जमकर खरीदारी हो रही है।
ती छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा त्योहार
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी बाजार की रफ्तार
कारोबारियों का कहना है कि तीज की तारीख जैसे-जैसे करीब आएगी, बाजार में खरीदारों की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है। खासकर अंतिम दिनों में साड़ियों की बिक्री में तेजी आने की संभावना है। तीजा के बाद त्योहारी सीजन शुरू होने से कपड़ा कारोबारियों को आगे भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
कुल मिलाकर तीजा ने कपड़ा बाजार में नई जान डाल दी है। साड़ियों से सजी दुकानें और खरीदारी के लिए पहुंच रहे ग्राहक त्योहारी बाजार की रौनक बढ़ा रहे हैं।


