ब्रेकिंग

रायगढ़ रेलवे स्टेशन से निकली मालगाड़ी के डिब्बे हुए अलग, चक्रधरनगर फाटक पर फंसी ट्रेन

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। बुधवार दोपहर करीब सवा 3 बजे रायगढ़ रेलवे स्टेशन से जामगांव की ओर जा रही एक मालगाड़ी के कई डिब्बे अचानक इंजन से अलग हो गए। अलग हुए मालगाड़ी के डिब्बे चक्रधरनगर रेलवे फाटक के पास आकर फंस गए, जिसके चलते रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहा

घटना के बाद चक्रधरनगर मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। फाटक बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति भी निर्मित हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अमला मौके पर पहुंचा और इंजन से अलग हुए मालगाड़ी के डिब्बों को दोबारा जोड़ने की कवायद शुरू की गई। रेलवे कर्मचारी डिब्बों को सुरक्षित तरीके से जोड़कर मालगाड़ी का परिचालन बहाल करने में जुटे हुए हैं।

फिलहाल मालगाड़ी के डिब्बे किस तकनीकी वजह से इंजन से अलग हुए, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। रेलवे अमले की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।