
यातायात विभाग की मिलीभगत से प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों का प्रवेशआम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ है

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ की प्रवक्ता रिंकी पांडे ने कोतरा रोड से ढिमरापुर चौराहे तक शहर के व्यस्त मार्ग पर नो-एंट्री व्यवस्था के बावजूद भारी वाहनों के आवागमन को लेकर प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से पुलिस प्रशासन से इस पर विरोध जताया व कहा कि लगातार प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों का इस रोड में प्रवेश होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। यह स्थिति आम नागरिकों, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

हाल ही में कोतरा रोड क्षेत्र में नो-एंट्री के दौरान भारी वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत की घटना भी सामने आई थी। ऐसी घटनाओं के बाद यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

सवाल यह है कि जब नो-एंट्री का नियम लागू है, तो प्रतिबंधित समय में भारी वाहन शहर की सड़कों पर कैसे पहुंच रहे हैं?
प्रशासन और यातायात पुलिस को केवल नो-एंट्री के बोर्ड लगाने तक सीमित न रहकर उसके प्रभावी क्रियान्वयन की व्यवस्था करनी चाहिए। कोतरा रोड से ढिमरापुर मार्ग तक नियमित निगरानी, सीसीटीवी/कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा नियम तोड़ने वाले वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है।
हम प्रशासन से मांग करते हैं कि कोतरा रोड–ढिमरापुर मार्ग पर नो-एंट्री का कड़ाई से पालन कराया जाए।
प्रतिबंधित समय में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर नियमित चालानी कार्रवाई हो।
संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती और निगरानी बढ़ाई जाए।
सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुधार किए जाएं।
रिंकी पांडे ने कहा नो-एंट्री सिर्फ सड़क किनारे लगा बोर्ड नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के लिए बनाया गया नियम है। प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि नियम कागज पर नहीं, बल्कि सड़क पर भी दिखाई दे।


