
लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह” मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव व ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी के संयुक्त नेतृत्व में रायगढ़ में 6 अक्टूबर, मंगलवार को दोपहर 12 बजे “वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की सह प्रभारी श्रीमती जरिता जैतफलांग जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत रायगढ़ कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता से होगी, जिसके पश्चात कांग्रेस भवन से महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल तक “वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च” निकालकर लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को जनता के बीच लेकर जाएंगे।
कांग्रेस का आरोप है कि देश की निर्वाचन व्यवस्था की निष्पक्षता और मतदाता सूची की पारदर्शिता को लेकर लगातार गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग तथा निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत संसद या सत्ता के बजाय जनता का वोट है। यदि किसी मतदाता को अपने वोट की शुचिता और उसके सही इस्तेमाल को लेकर ही संदेह पैदा हो जाए तो लोकतंत्र के प्रति जनता का भरोसा टूट जाता है। कांग्रेस का यह आंदोलन देश के मतदाताओं के अधिकार,वोट की सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास की रक्षा के लिए है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच यह सवाल लेकर जा रही है कि वोटर सूची से लेकर मतदान और मतगणना तक प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता क्यों नहीं सुनिश्चित की जानी चाहिए? जनता के वोट से बनने वाली सरकारों की बुनियाद भी जनता के वोट की विश्वसनीयता पर ही टिकी होती है।
शाखा यादव ने कहा कि “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश है। जब भी जनता के मताधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता से जुड़े सवाल उठेंगे, कांग्रेस उन सवालों को जनता के बीच उठाती रहेगी क्योंकि “वोट की रक्षा – लोकतंत्र की रक्षा है और “लोकतंत्र की रक्षा-देश की रक्षा” है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी कांग्रेसजनों, जनप्रतिनिधियों, ब्लॉक एवं वार्ड कांग्रेस कमेटियों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से 6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे रायगढ़ कांग्रेस भवन पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है।




