ब्रेकिंग

प्लास्टिक मुक्त वन क्षेत्र अभियान के तहत भालूनारा में चला स्वच्छता कार्यक्रम वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने लिया स्वच्छ वन का संकल्प

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़ खरसिया 9 अक्टूबर खरसिया एवं भालूनारा। वन क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा 1153 RF एवं 1164 PF परिसर, भालूनारा में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ग्राम पंचायत के सरपंच, वन समिति के अध्यक्ष तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान वन क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त रखने और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने पर जोर दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए वन क्षेत्र में प्लास्टिक एवं अन्य कचरा नहीं फैलाने की अपील की गई।

अभियान का मुख्य उद्देश्य वन संपदा की सुरक्षा के साथ प्राकृतिक पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखना है। वन क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरा वन्यजीवों और प्रकृति के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। ऐसे में वन क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विभाग के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।

इस स्वच्छता कार्यक्रम के माध्यम से वन संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। साथ ही सभी से अपील की गई कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और वन क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग करें।