ब्रेकिंग

पूंजीपथरा के आरएस इस्पात में श्रमिक की मौत प्रबंधन की घोर लापरवाही का नतीजा, सही जांच और उचित मुआवजे के बिना खामोश नहीं बैठेगा इंटक: शाहनवाज खान

• सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर श्रमिकों की जान से खेल रही हैं औद्योगिक इकाइयां, अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी लापरवाही।

• मृतक फंटूश कुमार के परिवार को मिले उचित मुआवजा, तकनीकी जांच में ढिलाई बरती गई तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा जिला इंटक।

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा स्थित आरएस इस्पात कंपनी में मंगलवार को क्रेन से लैडल अनबैलेंस होकर गिरने के कारण 26 वर्षीय युवा लैडलमैन फंटूश कुमार की हुई दर्दनाक मौत पर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (INTUC) के जिला अध्यक्ष शाहनवाज खान ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जाहिर किया है। श्रमिक नेता शाहनवाज खान ने इस पूरी घटना को प्रबंधन की घोर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का नतीजा बताया है।

प्रेस को जारी बयान में इंटक जिला अध्यक्ष शाहनवाज खान ने कहा कि आरएस इस्पात कंपनी में दोपहर काम के दौरान क्रेन से लैडल का अनबैलेंस होकर प्लेटफॉर्म पर गिरना यह साफ दर्शाता है कि संयंत्र में मेंटेनेंस और सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच नहीं की जा रही थी। महज 26 साल के युवा कर्मचारी, जो बिहार से यहां अपनी आजीविका कमाने आया था, उसे प्रबंधन की लापरवाही के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर रायगढ़ जिले की औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सिर्फ मुनाफे की भूख, न श्रमिकों की फिक्र और न रायगढ़ की हवा की परवाह

शाहनवाज खान ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि जिला इंटक रायगढ़ अब उद्योगों में श्रमिकों की जान से होने वाले इस खिलवाड़ को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा। सच्चाई यह है कि आज रायगढ़ जिले में ऐसे कई उद्योग फल-फूल रहे हैं, जिन्हें सिर्फ और सिर्फ अपने अंधाधुंध मुनाफे की भूख मिटाने से मतलब है। इन पूंजीपतियों को न तो दिन-रात पसीना बहाने वाले इन बेकसूर श्रमिकों की सुरक्षा से कोई सरोकार है और न ही इस पूरे रायगढ़ जिले में फैलाए जा रहे जहरीले धुएं की कोई परवाह है। एक तरफ प्लांट के भीतर श्रमिक अपनी जान गंवा रहे हैं, तो दूसरी तरफ बाहर यह जहरीला धुआं पूरे जिले के आम नागरिकों के फेफड़ों में जहर घोलकर पर्यावरण को तबाह कर रहा है। कंपनियों में केवल उत्पादन बढ़ाने के दबाव में श्रमिकों को बिना पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के खतरनाक काम में झोंक दिया जाता है। क्रेन और भारी मशीनों की फिटनेस जांच समय पर क्यों नहीं की गई, इसका जवाब प्रबंधन को देना होगा।

उचित मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग, वरना होगा बड़ा आंदोलन

जिला इंटक रायगढ़ ने औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग से इस मामले की पूरी तरह निष्पक्ष और त्वरित जांच करने की मांग की है। शाहनवाज खान ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी तरह की लीपापोती करने या तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर प्रबंधन को बचाने का प्रयास किया गया, तो इंटक इसे सहन नहीं करेगा।

इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि मृतक फंटूश कुमार के आश्रित परिवार को तत्काल उचित और सम्मानजनक मुआवजा राशि तथा परिवार के एक सदस्य को रोजगार दिया जाए। यदि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कोई भी कोताही बरती गई या सही तरीके से जांच नहीं हुई, तो जिला इंटक रायगढ़ प्रबंधन के खिलाफ फैक्ट्री के सामने एक बड़े और उग्र आंदोलन का शंखनाद करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी आरएस इस्पात प्रबंधन और प्रशासन की होगी।

शाहनवाज खान

अध्यक्ष, राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (INTUC)

जिला – रायगढ़, छत्तीसगढ़