ब्रेकिंग

पुसौर पुलिस ने ग्राम अम्लीभौना में चलाया नशा मुक्ति जागरूकता अभियान

 

22 मार्च, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी प्रभावी रूप से संचालित किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा न केवल अवैध नशे के कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, बल्कि आमजन की सहभागिता सुनिश्चित कर गांव-गांव में नशा मुक्त वातावरण तैयार करने के प्रयास भी तेज किए गए हैं।

इसी क्रम में कल शाम थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में ग्राम अम्लीभौना (छोटे भंडार) में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समिति के सदस्य एवं युवा शामिल हुए। थाना प्रभारी द्वारा उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नशे से होने वाले गंभीर आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित कर उसे अपराध की ओर धकेलता है और कई मामलों में सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण भी बनता है।

WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.22
WhatsApp Image 2026-02-06 at 12.06.32
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21 (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.22 (1)
WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.21 (2)

निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि नशे का सेवन कर वाहन चलाना न केवल स्वयं के लिए बल्कि दूसरों के जीवन के लिए भी खतरा है, इसलिए इससे पूरी तरह दूरी बनाना आवश्यक है। उन्होंने गांव में गठित महिला समिति की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की पहल से गांव में सकारात्मक माहौल तैयार हो रहा है, जो नशा मुक्त समाज की दिशा में एक मजबूत कदम है।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों, महिला समिति एवं पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से गांव में रैली निकालकर नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। रैली के माध्यम से “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे नारों के साथ लोगों को जागरूक किया गया, जिसमें गांव के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशा मुक्त ग्राम बनाने का संकल्प लिया।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश—

नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में आमजन की सहभागिता बेहद जरूरी है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर सभी थानाक्षेत्रों में पुलिस कार्यवाही कर रही है, साथ ही जागरूकता के माध्यम से समाज को नशा मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है।