
रायगढ़ 4 जून । जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में 5 जून पर्यावरण दिवस को प्रदूषण दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है ।
उक्त कार्यक्रम में 5 जून पर्यावरण दिवस के दिन कांग्रेसजनों के द्वारा प्रदूषण दिवस मनाया जायेगा। रायगढ़ जिले में स्थापित औद्योगिक कंपनियों से बढ़ते प्रदूषण की भयावह स्थिति से, प्रदूषण के प्रभाव से पूरे जिले में फैल रहे त्वचारोग,फेफड़े के बीमारी और जानलेवा कैंसर बीमारी को चिंताजनक बताते हुए पर्यावरण विभाग की घोर लापरवाही के विरोध में 5 जून पर्यावरण दिवस पर कांग्रेस द्वारा जिला पर्यावरण विभाग का घेराव व विरोध प्रदर्शन कर औद्योगिक कंपनियों से उत्सर्जित होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण हेतु ज्ञापन सौंपा जायेगा।
यह विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम जिले में बढ़ रहे प्रदूषण के विरोध में प्रतीकात्मक है जो पर्यावरण विभाग को कुम्भकर्णी नींद से जगाने का प्रयास है।
जैसा कि सर्वविदित है औद्योगिक कंपनियों द्वारा बेफिक्र होकर जल जंगल जमीन का दोहन करते हुए रायगढ़ जिले में लगातार प्रदूषण फैला रहे हैं इसके परिणामस्वरूप घरों के छत पर प्रदूषण के काली परत जम रही है,आमजनमानस को अनेकों प्रकार के त्वचारोग,फेफड़े संबंधी रोग और कैंसर जैसी घातक जानलेवा बीमारी हो रही है पर पर्यावरण संरक्षण के लिए बनाया गया पर्यावरण विभाग औद्योगिक कंपनियों पर सिर्फ छोटी-मोटी जुर्माना कार्यवाही कर खानापूर्ति करते हुए कुम्भकर्णी नींद में गाफिल हो जाती है। जिले में प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ रहा है कि निकट भविष्य में सबसे अधिक प्रदूषण वाले शहर की सूची में प्रथम स्थान पर रायगढ़ का नाम शामिल होने वाला है। पर्यावरण विभाग के लापरवाही की वजह से
औद्योगिक प्रदूषण का मानक स्तर बढ़ता जा रहा है जिससे यहां की हवा,पानी,पर्यावरण,सब प्रदूषित हो गई है।
इन्हीं तथ्यों के विरोध में पर्यावरण दिवस पर कांग्रेस द्वारा प्रतीकात्मक प्रदूषण दिवस मनाया जायेगा और पर्यावरण विभाग का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा।


