
लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। JCI रायगढ़ सिटी द्वारा आयोजित पावन कांवड़ यात्रा बुधवार, 26 अगस्त को अत्यंत धूमधाम एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई। प्रातः 6:00 बजे कालिंदी कुंज मंदिर से श्रद्धालुओं का जत्था पवित्र जल लेकर बाबा सत्यनारायण धाम, कोसमनारा के लिए रवाना हुआ।

यात्रा के दौरान पूरा मार्ग भगवान भोलेनाथ के भक्तिमय गानों, डीजे की धुन और “हर-हर महादेव” तथा “बोल बम” के गूंजते जयकारों से शिवमय हो गया। बड़ी संख्या में शामिल संस्था के सदस्यों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक नाचते-गाते हुए बाबा सत्यनारायण धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए वापसी में जलपान (नाश्ते) की व्यवस्था की गई थी।कार्यक्रम के समापन पर जेसीआई रायगढ़ सिटी के अध्यक्ष जेसी सीए गुलशन अग्रवाल ने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं, संस्था के सदस्यों और शहरवासियों का इस धार्मिक आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सहहृदय आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यक्ष जेसी सीए गुलशन अग्रवाल, महिला विंग अध्यक्ष प्रीति अग्रवाल, कार्यक्रम निदेशक जेसी सुमन दत्ता, जेसी विशाल अग्रवाल एवं महिला विंग कार्यक्रम निदेशक जेसी कीर्ति अग्रवाल सहित संस्था के समस्त सदस्यों की सराहनीय उपस्थिति एवं योगदान रहा।



