ब्रेकिंग

मोदी सरकार के तानाशाही के खिलाफ कांग्रेस ने मनाया “काला दिवस” गाँधी प्रतिमा के सामने जम कर प्रदर्शन

 

लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। देश की चुनावी व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच 7 अक्टूबर को दिल्ली में विपक्षी सांसदों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में रायगढ़ जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शाखा यादव व ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी के संयुक्त नेतृत्व में 8 अक्टूबर को गांधी प्रतिमा के समक्ष “काला दिवस” मनाया। कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता काली पट्टी, काला गमछा एवं काले वस्त्र पहनकर प्रदर्शन में पहुंचे और निर्वाचन आयोग पर लगे गंभीर आरोपों की जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की

प्रदर्शन के दौरान “वोट चोर गद्दी छोड़”, “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो”, “ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो” और “मोदी सरकार मुर्दाबाद” के नारों से माहौल गूंजता रहा।

विगत दिवस 7 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के करीब 300 सांसद एवं विपक्षी नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगे आरोप के प्रति निष्पक्ष जांच कराने व ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार के दबाव में पुलिस द्वारा उन्हें रोका गया और बल प्रयोग किया गया। कांग्रेस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं एवं निर्वाचित सांसदों के साथ हुए इस दुर्व्यवहार को कांग्रेस ने गंभीर आपत्ति का विषय बताया है।

जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार चुनाव आयोग द्वारा SIR प्रक्रिया के तहत गलत तरीके से साढ़े13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे गये हैं। इस दौरान चुनाव आयोग में आसीन दो अन्य चुनाव आयुक्तों द्वारा 10 महीने के समयावधि में कुल 14 बार आपत्तियाँ दर्ज की गई हैं इन सभी आपत्तियों को दरकिनार करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मोदी सरकार को सत्ता का लाभ पहुंचाने के लिए नियम विरुद्ध मनमानी की है। इसी विषय को लेकर विपक्षी दलों द्वारा निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की जा रही है तो इन सवालों का जवाब देने के बजाय रास्ता रोकना सवाल को और बड़ा कर देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग सीधी है—चुनावी प्रक्रिया पर उठे प्रत्येक सवाल पर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई तय हो।

शाखा यादव ने कहा कि कांग्रेस श्री ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाए जाने तथा चुनावी व्यवस्था की पारदर्शिता और अखंडता बहाल होने तक अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि सत्ता की ताकत अस्थायी होती है, लेकिन मतदाता का अधिकार स्थायी है और लोकतंत्र में अंतिम फैसला उसी का होता है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता नगेन्द्र नेगी ने कहा कि दिल्ली की घटना ने एक विचित्र तस्वीर सामने रखी है—सांसदों के हाथ में सवाल थे और उनके सामने सत्ता की सुरक्षा व्यवस्था। उन्होंने कहा कि यदि निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठे सवाल गलत हैं तो उनके उत्तर दस्तावेजों और तथ्यों के साथ दिए जाने चाहिए। विरोध की आवाज को रास्ते में रोक देने से सवाल खत्म नहीं होते।

उन्होंने कहा कि आज गांधी प्रतिमा के सामने काली पट्टी बांधकर खड़ा होना किसी रस्म की अदायगी नहीं है। यह उस बेचैनी का सार्वजनिक इजहार है, जो चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता को लेकर देशभर में उठ रहे सवालों से पैदा हुई है। कांग्रेस इस मुद्दे को जनचर्चा का विषय बनाए रखेगी और चुनावी पारदर्शिता की मांग को आगे बढ़ाएगी।

रायगढ़ जिला कांग्रेस ने कहा कि 8 अक्टूबर का यह प्रदर्शन दिल्ली की घटना के विरोध तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से कांग्रेस ने यह संदेश दिया कि मतदाता के अधिकार से जुड़े प्रश्नों को मोदी सरकार प्रशासनिक कार्रवाई के दम पर दबा नहीं सकती। गांधी प्रतिमा के सामने काले वस्त्रों में खड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनावी व्यवस्था की जवाबदेही को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया है और जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। जब लोकतंत्र जनता के वोट से चलता है, तो उस वोट के सवालों का जवाब देने से क्यों बचा जा रहा है ?

उक्त विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस शहर कमेटी व ग्रामीण कमेटी,,ब्लाॅक कांग्रेस,इंटक, महिला कांग्रेस,सेवादल,एनएसयुआई ,युवा कांग्रेस,मजदूर कांग्रेस,किसान कांग्रेस,अल्पसंख्यक विभाग,विधि विभाग,अनुसूचित जाति,जनजाति,पिछड़ावर्ग प्रकोष्ठ,समस्त मंडल के पदाधिकारीगण व कार्यकर्त्तागण एवं सोशल मीडिया कार्यकर्त्तागण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।