
लक्ष्य न्यूज़ रायगढ़। भाजपा नेता द्वारा जोगीडीपा और गरीबों के पुनर्वास को लेकर दिए गए बयान पर जिला कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। अनिल शुक्ला ने कहा कि भाजपा नेताओं को गरीबों की चिंता अचानक से किसी खास समय पर याद आती है, जबकि हकीकत यह है कि आज भी हजारों गरीब परिवार अपने अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार यदि वास्तव में गरीब हितैषी है तो सबसे पहले जोगीडीपा सहित उन सभी बस्तियों के निवासियों को पास के ही रिक्त शासकीय भूमि में आवास निर्माण कर पुनर्वास की गारंटी लिखित रूप से दे, जहां वर्षों से लोग निवास कर रहे हैं। ये नहीं कि उनके मेहनत की गाढ़ी कमाई से बनाया घर तोड़कर एक कमरा का पक्का मकान दे देना कैसा न्याय है, केवल बयानबाजी से गरीबों का भविष्य सुरक्षित नहीं होता, भाजपा जनता को स्पष्ट करे कि जेलपारा मैरिन ड्राईव , जोगीडीपा केनाल लिंक रोड निर्माण किसे लाभ पहुँचाने की साजिश का हिस्सा है ।
अनिल शुक्ला ने सिंदूर पार्क पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा भाजपा सिंदूर पार्क को उपलब्धि के तौर पर गिना रही है जबकि सच्चाई यह है कि सिंदूर पार्क बनने से इतवारी बाजार में व्यवसाय करने वाले सैकड़ों परिवार के पेट पर लात मारा गया है ।और महतारी वंदन योजना पर अपनी ही पीठ थपथपाने वाली भाजपा को शर्म आनी चाहिए उनके ही प्रशासनिक अधिकारी ने खुलासा किया है कि शराब बिक्री के पैसे से महतारी वंदन योजना चल रही है यदि शराब बंदी हुई तो महतारी वंदन योजना बंद हो जायेगी।
अनिल शुक्ला ने भाजपा के उस आरोप को भी खारिज किया जिसमें भूपेश बघेल सरकार पर गरीबों को बेदखल करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार के कार्यकाल में वर्षों से काबिज गरीबों को स्थायी पट्टा वितरण किया गया, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के हित में ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गईं, जिनका लाभ प्रदेश की जनता ने प्रत्यक्ष रूप से प्राप्त किया। भाजपा नेताओं को झूठे आरोप लगाने के बजाय तथ्यों के साथ जनता के सामने आना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि पिछले ढाई वर्षों में भाजपा सरकार ने रायगढ़ जिले में कितने नए प्रधानमंत्री आवास पूर्ण कराकर हितग्राहियों को सौंपे हैं? कितने पात्र परिवार आज भी आवास की प्रतीक्षा कर रहे हैं? भाजपा पहले इसका जवाब दे।
और आगे कहा कि सामुदायिक भवन, सड़क और पार्क जैसे विकास कार्य सरकार का दायित्व हैं, कोई एहसान नहीं। भाजपा यदि विकास की बात करती है तो उसे यह भी बताना चाहिए कि महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ती बिजली दरों और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के मुद्दों पर उसकी सरकार क्यों मौन है।
कांग्रेस नेता अनिल शुक्ला ने कहा कि ये भाजपा वाले कांग्रेस से क्या बात करेंगे,ये भाजपा विपक्ष में रहते हुए जिन मुद्दों पर आंदोलन करती थी, सत्ता में आने के बाद उन्हीं मुद्दों को भूल गई है। विपक्ष में रहते हुए भाजपा शराब बंदी करने हाय तौबा मचाते हुए आंदोलन कर रही थी और सत्ता में आते ही शराब बंदी करने के बजाय अनगिनत शराब दुकान खोल रही है, और जो भाजपा के नेता नशा मुक्ति अभियान चला रहे थे वही अब शराब बेचने वाली भाजपा सरकार की वकालत कर रहे हैं इससे साफ जाहिर होता है कि नशा मुक्ति अभियान किसी निजी स्वार्थ से प्रेरित था।
किसानों की आय, युवाओं को रोजगार, महंगाई नियंत्रण ,बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि वह जोगीडीपा सहित हर उस गरीब परिवार के साथ खड़ी है जिसके आशियाने और आजीविका पर भाजपा सरकार का संकट मंडरा रहा है। कांग्रेस का संघर्ष केवल प्रेस विज्ञप्तियों तक सीमित नहीं है, प्रेस विज्ञप्ति तो भाजपा के नीति को बेनकाब करने का माध्यम है , बल्कि जनहित के मुद्दों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए जमीनी स्तर पर भी संघर्ष जारी रहेगी।
अनिल शुक्ला ने भाजपा नेताओं से अपील की है कि वे कांग्रेस के विचारधारा और सिद्धांत से भाजपा को तौलने का प्रयास न करे कांग्रेस का इतिहास क्रांति से लेकर स्वतंत्रता तक है अंग्रेजों के चाटुकारिता वाली राजनीति से नहीं है भाजपा को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय गरीबों के हित में पुख्ता और लिखित पुनर्वास योजना सार्वजनिक करना चाहिए ताकि प्रभावित परिवारों का भविष्य सुरक्षित हो सके यही कांग्रेस की मांग है।


