
आकर्षक झांकियों और भव्य सजावट से जगमगाया खरसिया, माता के दर्शन के लिए उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
लक्ष्य न्यूज़ खरसिया। धर्मनगरी खरसिया में नवरात्रि का पावन पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। माता रानी की आराधना में पूरा खरसिया दुल्हन की तरह सजा हुआ है। शहर के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं, वहीं जगह-जगह भंडारों का आयोजन भी किया जा रहा है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। चारों ओर भक्तिमय माहौल और माता के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो रहा है।
इसी धार्मिक उल्लास के बीच गंज चौक स्थित दुर्गा चौक समिति में बच्चों द्वारा आकर्षक डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ डांडिया की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुति और शानदार तालमेल ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
इस कार्यक्रम के लिए बच्चों ने काफी दिनों से तैयारी की थी। उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास मंच पर साफ नजर आया। डांडिया की रंगारंग प्रस्तुति ने नवरात्रि उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम में निष्ठा शर्मा, सृष्टि गर्ग, शगुन अग्रवाल, रानी गर्ग, साक्षी शर्मा, आदया अग्रवाल और सुहानी साहू सहित अन्य बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समिति के सदस्यों ने बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस आयोजन ने न केवल नवरात्रि की खुशियों को दोगुना किया, बल्कि बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान किया।
धर्मनगरी खरसिया में नवरात्रि के दौरान धार्मिक आयोजनों, आकर्षक झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता की अनूठी झलक देखने को मिल रही है।




