ब्रेकिंग

गणेश विसर्जन के बाद मांड नदी में मिला लापता छात्र का शव क्षेत्र में पसरा मातम ​घर से अचानक गायब हुए 22 वर्षीय ओम राठिया ने नदी में लगाई छलांग दो दिन बाद बंगरसुता पुल के पास मिली लाश पुलिस जांच में जुट

 

​कुड़ेकेला:- गणेश विसर्जन के खुशनुमा माहौल के बीच छाल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुड़ेकेला निवासी 22 वर्षीय कॉलेज छात्र ओम राठिया पिता बीरसिंह राठिया जो बीते रविवार की शाम से अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था उसका शव आखिरकार मंगलवार सुबह मांड नदी में बहता हुआ मिला। दो दिनों से लगातार तलाश कर रहे परिजनों में इस दर्दनाक हादसे के बाद कोहराम मच गया वहीं पूरी बस्ती में गमगीन माहौल छाया हुआ है।

*​घर लौटने के बाद फिर निकला 2 किलोमीटर दूर नदी में ली अंतिम सांस*:-​घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक ओम राठिया रविवार की शाम दोस्तों और ग्रामीणों के साथ गणेश विसर्जन के कार्यक्रम में शामिल हुआ था। विसर्जन पूरा होने के बाद वह सुरक्षित अपने घर लौट आया था। लेकिन परिजनों के मुताबिक घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद वह बिना किसी को कुछ बताए अचानक दोबारा बाहर निकल गया।​वह घर से लगभग दो किलोमीटर की दूरी तय करते हुए मांड नदी के किनारे पहुंचा और गहरे पानी में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। देर रात तक जब ओम घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ी। उन्होंने आसपास के गांवों रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां हर संभव जगह तलाश की लेकिन ओम का कोई सुराग नहीं मिला।

*​बंगरसुता पुल के पास डगाल में फंसा मिला शव*:-​मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे ग्रामीणों ने मांड नदी के बंगरसुता पुल के किनारे झाड़ियों डगाल में एक अज्ञात शव तैरता देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव की पहचान ओम राठिया के रूप में की। हंसते खेलते और पढ़ते लिखते नौजवान बेटे की इस तरह अचानक मौत से पूरा परिवार बदहवास हो गया।

*​एफएसएल टीम की मौजूदगी में जांच बीएनएस धारा 194 के तहत मामला दर्ज*:- ​घटना की खबर फैलते ही छाल थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलवाया। एफएसएल और पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

​छाल थाना पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर लिया है। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी शासकीय अस्पताल भेज दिया गया है।​युवक ने आखिर ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसका कारण अभी अस्पष्ट बना हुआ है। पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर मामले की हर कोण से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।